*अकलतरा 108 एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा:- अकलतरा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराए जाने के बाद जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में अकलतरा क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस टीम ने तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराकर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बोहापारा अर्जुनी निवासी गीता को सुबह करीब 4 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की सहायता ली। अस्पताल ले जाते समय प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई और रास्ते में ही प्रसव की स्थिति बन गई। ऐसे में एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी संजय कुमार पटेल ने अपनी सूझबूझ, अनुभव और तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया।
वहीं एम्बुलेंस चालक (पायलट) परमानंद रात्रे ने समय पर मरीज को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रसव के बाद नवजात शिशु को सांस लेने में थोड़ी परेशानी हुई, जिस पर एम्बुलेंस में उपलब्ध ऑक्सीजन की मदद से तत्काल उपचार दिया गया और बच्चे की स्थिति सामान्य हो गई।
इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को बेहतर देखभाल के लिए पीएचसी कोटमी सोनार में भर्ती कराया गया। इस दौरान गांव की मितानिन चमेली का भी विशेष सहयोग रहा।
बताया गया कि यह गीता की तीसरी संतान है। दो बेटियों के बाद पुत्र जन्म होने से परिवार में खुशी का माहौल है। गीता और उनके परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम का आभार व्यक्त किया।
108 एम्बुलेंस की त्वरित सेवा और टीम की सजगता से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि समय पर मिली चिकित्सा सहायता से आपात परिस्थितियों को सफलतापूर्वक संभाला जा सकता है।
