*अकलतरा नगर पालिका में जल आवर्धन योजना के कार्य पर उठे सवाल, वार्डवासियों में नाराजगी*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा (जांजगीर-चांपा)। अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में जल आवर्धन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन इस कार्य को लेकर वार्ड नंबर 7 पार्षद माधुरी देवी पालीवाल को जानकारी नहीं थी मोहल्ले वासी ने दिया लोगों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष देखा जा रहा है। वार्डवासियों का आरोप है कि योजना के क्रियान्वयन में न तो वार्ड पार्षद को विश्वास में लिया गया और न ही स्थानीय नागरिकों से पर्याप्त चर्चा की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान नगर में पेयजल संकट की स्थिति बनी रही और लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। ऐसे समय में योजना के कार्यों में अपेक्षित गति और समन्वय नहीं दिखा। वहीं कुछ स्थानों पर भूमि पूजन या विधिवत शुभारंभ किए बिना ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिए जाने पर भी लोगों ने आपत्ति जताई है।
वार्डवासियों का आरोप है कि ठेकेदार अपनी मनमानी से कार्य कर रहे हैं तथा कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि योजना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों और कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
कुछ नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन पर ठेकेदारों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने की मांग की है। उनका कहना है कि जल आवर्धन योजना का उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्य गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि योजना के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाए तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं
