विकास कार्यों में तेजी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
*जिला पंचायत की सामान्य सभा में हुई विस्तृत समीक्षा*
*जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभागीय योजनाओं और जनहित के मुद्दों की समीक्षा की*
*जिपं सीईओ ने पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने दिए निर्देश*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत के सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, स्वीकृत कार्यों, उपलब्धियों और लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, वन, खनिज, श्रम एवं कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिपं सीईओ श्री गोकुल रावटे ने शासन की योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में आगामी धान खरीदी व्यवस्था को लेकर खाद्य एवं सहकारिता विभाग से जिले में की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई। धान खरीदी केंद्रों एवं उपकेंद्रों की स्थिति, ऑपरेटरों तथा धान खरीदी प्रभारियों की जानकारी सहित खरीदी व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कृषि विभाग से अनुदान प्राप्त हितग्राहियों एवं जिले में की गई खरीदी की जानकारी ली गई। वहीं बीज निगम से चना खरीदी और इससे लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी पर भी विचार-विमर्श किया गया। किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाने से जुड़े विषयों को विशेष महत्व दिया गया। शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की जानकारी तथा स्वास्थ्य विभाग में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति पर भी जानकारी ली गई। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, वन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक के कार्यों की निविदा प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की स्वीकृति, प्रगति और लंबित कार्यों पर चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पिछली सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों एवं उन पर की गई कार्यवाही का विभागवार पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से पूर्व में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पंचायत की सामान्य सभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों और विभागीय योजनाओं की जानकारी के आधार पर ग्रामीण विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

