Home Blog Page 5

विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु रोजगार मेला 28 अक्टूबर को

0

विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु रोजगार मेला 28 अक्टूबर को

*10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण 157 पदों पर होगी भर्ती*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले के माध्यम से तीन निजी कंपनियों में कुल 157 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज परिसर, ग्राम जमकोर, जिला मुंगेली में सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक आयोजित होगा। मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं के युवाओं के लिए भर्ती के अवसर उपलब्ध रहेंगे।

रोजगार मेले में फील्ड ऑफिसर के 57 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in/ ई-रोजगार सीजी ऐप अथवा जिला रोजगार कार्यालय जमकोर से संपर्क कर सकते हैं।

वीबीजी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, पथरिया में संयुक्त कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित

0

वीबीजी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, पथरिया में संयुक्त कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित

*पांच वर्षीय विकास योजना तैयार करने और अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और ग्राम पंचायतों की योजनागत क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत पथरिया के सभाकक्ष में वीबीजी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संयुक्त कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपना के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में तकनीकी सहायकों, सरपंचों, सचिवों और रोजगार सहायकों ने भाग लिया। बैठक में प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए आगामी पांच वर्षों की बेहतर ग्राम विकास योजना तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजना के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए सभी संबंधित अमले को सक्रियता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

कार्यशाला में योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानक और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें और नागरिक सूचना पटल के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करें। इसके साथ ही योजना के तहत महिला मेट की नियुक्ति, एनएमएमएस के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दिन में दो बार श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने तथा कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर पांच वर्षों के लिए बेहतर ग्राम विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा की गई। योजना के सभी निर्धारित बिंदुओं पर प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला सह समीक्षा बैठक का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, रोजगार सृजन, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना रहा।

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

0

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

*जनगणना की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप और डेटा गुणवत्ता पर विशेष जोर*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जनगणना-2027 के आगामी चरण की तैयारियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना अधिकारियों तथा कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। जनगणना कार्यालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक श्री विद्यानंद एवं श्री विक्रम ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाना, निर्धारित प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ विकसित करना तथा आगामी कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराना रहा।

प्रशिक्षण के निर्धारित कार्यक्रम में जनगणना की अवधारणा एवं परिभाषाओं, मोबाइल ऐप की उपयोगिता और कार्यप्रणाली, निगरानी के लिए डेटा की गुणवत्ता के मानकों तथा ई-जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका, जनसंख्या गणना के लिए मीडिया एवं प्रचार गतिविधियों, मुद्रण एवं लॉजिस्टिक्स तथा आवश्यक किट सामग्री के प्रबंधन पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आगामी चरण की तैयारी, कार्ययोजना और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारियों के निर्वहन पर विशेष ध्यान दिया गया। इससे जनगणना कार्य में एकरूपता, समन्वय और डेटा की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटि सुधार का अवसर, दावा-आपत्ति 11 दिसम्बर तक

0

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटि सुधार का अवसर, दावा-आपत्ति 11 दिसम्बर तक

*04 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंजोर सिंह पैकरा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 02 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।

एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। पुनरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने अथवा आवश्यक संशोधन के लिए अपने संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या अभिहित अधिकारी के पास ऑफलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर पीएम जनमन आवास में ठगी करने पर ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

0

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर पीएम जनमन आवास में ठगी करने पर ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

0.कवर्धा विधायक विजय शर्मा के सख्त रुख के बीच कबीरधाम में कार्रवाई जारी, अब तक तीन ठेकेदारों पर दर्ज हुई एफआईआर।

0.प्रधानमंत्री जनमन आवास का निर्माण ठेके पर लेकर काम नहीं करने और राशि नहीं लौटाने पर हुई एफआईआर।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने और उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा पिछले दिनों दो ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने के बाद अब बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों से राशि लेने और आवास निर्माण पूरा नहीं करने के मामले में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की गई है उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड बोड़ला के ग्राम दुलदुला ग्राम पंचायत बेंदा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना अंतर्गत हितग्राही राजिम धुर्वे द्वारा ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरूद्ध आवास निर्माण करने के नाम पर पैसे लेने के बाद भी आवास का निर्माण कार्य पूरा नहीं करने पर तथा पैसा वापस मांगने पर नहीं लौटाने के कारण थाना चिल्फी में भारतीय न्याय सहिता (बी.एन.एस.)2023 की धारा 318 (4) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराया गया है इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार हितग्राही राजीम धुर्वे एवं उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे तथा पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम से प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की स्वीकृति मिली थी प्रथम किस्त की राशि 40 हजार रूपए प्राप्त कर भूतपूर्व सरपंच पति शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान द्वारा आवास निर्माण का ठेका लिया गया दूसरे किस्त की राशि 60 हजार रूपए भी ठेकेदार को नगद भुगतान किया गया पैसे लेने के बाद भी आवास का निर्माण पूरा नही किया गया हितग्राही द्वारा अपने आवेदन में दी गई सूचना अनुसार तीन हितग्राही से 80-80 हजार रूपए सहित कुल 2,40,000 रूपए की राशि छलपूर्वक लेते हुए ठगी करने की शिकायत पर थाना चिल्फी द्वारा एफआईआर दर्ज किया गया है वही प्रधानमंत्री जनमन आवास के निर्माण कार्यो में कुछ स्थानों पर ठेकेदारों द्वारा हितग्राहियों से छल पूर्वक आवास निर्माण करने के नाम पर ठगी की गई है निर्माण कार्य पूरा नहीं करने और पैसे वापस नहीं करने पर अब-तक कुल तीन ठेकेदारों के विरूद्ध हितग्राहियों द्वारा संबंधित आरक्षी केन्द्र में एफआईआर दर्ज कराया गया है जिसमें बैसाखू बैगा ग्राम आमानारा द्वारा थाना तरेगांव जंगल में ठेकेदार तुमेश गोड़ के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराया गया है इसी तरह देवसिंह ग्राम राजाढ़ार द्वारा थाना चिल्फी में ठेकेदार कुमार मेरावी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराया गया है अब तक हुए एफआईआर अनुसार तीन ठेकेदारों के विरूद्ध कुल 7 लाख 49 हजार रूपए की ठगी करने का आरोप है जिसके कारण हितग्राहियों द्वारा थानें में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है।

————————–

किराना दुकान में छिपाकर रखा था अवैध शराब, मुलमुला पुलिस ने 70 पाव शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार-*

0

किराना दुकान में छिपाकर रखा था अवैध शराब, मुलमुला पुलिस ने 70 पाव शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार-*

* *आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर।*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मुलमुला पुलिस ने ग्राम जेवरा में किराना दुकान के काउंटर के पास बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 70 पाव शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

*मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी*

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को थाना मुलमुला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जेवरा निवासी बलराम कश्यप अपनी किराना दुकान में काउंटर के पास अवैध रूप से शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान में रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान दुकान के काउंटर के पास बिक्री के लिए रखी गई 15 नग गोवा स्पेशल व्हिस्की, कीमत 1,800 रुपये तथा 55 नग पाव देशी प्लेन शराब, कीमत 4,400 रुपये, कुल 70 नग पाव शराब, मात्रा 12.600 बल्क लीटर एवं कुल कीमत 6,200 रुपये जब्त किया गया।

मामले में *_आरोपी_* बलराम कश्यप उम्र 47 वर्ष, निवासी जेवरा वार्ड क्रमांक 04, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 447/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

*उक्त कार्रवाई* में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक रुद्र कश्यप, आरक्षक राजेश कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया एवं महिला आरक्षक प्रेमा जांगड़े का सराहनीय योगदान रहा।

अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने पर कोतवाली पुलिस की रेड कार्रवाई, 4.50 लाख रुपये की विस्फोटक सामग्री जब्त*

0

*अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने पर कोतवाली पुलिस की रेड कार्रवाई, 4.50 लाख रुपये की विस्फोटक सामग्री जब्त*

* *आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद, विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत कार्रवाई*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा *पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS)* के निर्देशन में दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए जिले में जुआ, सट्टा एवं अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल महंत निवासी वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर, थाना सिटी कोतवाली, जिला जांजगीर -चाम्पा के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे एक क्विंटल 60 किलो ग्राम जब्त किए गए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 4,50,000 रुपये बताई गई है।

उक्त मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 866/2026, धारा 288 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 9(ख)(1)(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

*उक्त कार्रवाई* में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास एवं थाना कोतवाली स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

*जांजगीर-चाम्पा पुलिस की अपील:*

दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिक पटाखों का क्रय-विक्रय एवं भंडारण निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें। अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अकलतरा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पदयात्रा, शास्त्री चौक पर पुतला दहन

0

अकलतरा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पदयात्रा, शास्त्री चौक पर पुतला दहन

कांग्रेसियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा अकलतरा। नगर में गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेसियों ने पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। पदयात्रा अकलतरा रेस्ट हाउस से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शास्त्री चौक पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। इस दौरान ‘चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’ जैसे राजनीतिक नारे भी लगाए गए। शास्त्री चौक पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया। इसके पश्चात पुतला दहन कर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करने की मांग की। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अकलतरा के अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, नगर कांग्रेस कमेटी अकलतरा के अध्यक्ष महेश्वर टंडन सहित मंजु सिंह, दिवाकर राणा, खुलन सोनवानी, भविष्य चंद्राकर, संतोष सिंह बैस, डी.आर. डाहिरे, अविनाश लाटा, मदन मोहन सिंह चंदेल, अब्दुल मोईद, राजेश जैन, अविनाश साहू, शांतिलाल यादव, राजू जैन, विजय जायसवाल, राघवेन्द्र व्यास, सुरेश सिंह, पिलवाराम पटेल, शशि शेखर जगत, विजय खांडेल, फूल सिंह जगत, अलखराम श्रीवास, निलेश सिंह, अभिषेक सिंह, प्रतिपाल सिंह, दीप पाटले, युगल किशोर कश्यप, राज सिंह, जयदीप सिंह, छतराम साहू, योगेश सिंह, आलोक पाण्डेय, जयप्रकाश साहू, भरत लाल साहू एवं मदन सिंह बैस सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावा-आपत्ति

0

फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावा-आपत्ति

01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे अपना नाम

04 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 से प्राप्त कर सकेंगे जानकारी

बीजापुर – भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण ( SSR ) संबंधी कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। इस हेतु आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR ) जारी किया गया है। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण ( SSR ) के अन्तर्गत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवम्बर 2026 दिन गुरूवार को किया जावेगा। प्रकाशन उपरांत 12 नवम्बर 2026 से 11 दिसम्बर 2026 तक मतदाताओं से दावा प्राप्त किया जावेगा। उक्त तिथि के दौरान को बूथ लेवल अधिकारियों एवं अविहित अधिकारियों 6,7,8 के साथ मतदान केन्द्रों में उपस्थित रहेगें। प्राप्त दावा/आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाना है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जो कि ऐसे मतदाता जिनकी उम्र 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण होगी तथा ऐसे भारतीय नागरिक जिनका नाम अभी तक किसी कारणवश मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, उन्हें अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फार्म-6 भरकर संबंधित दस्तावेजों की छायाप्रति सहित जमा करना होगा। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि जैसे-नाम, सरनेम, आयु, लिंग,, जन्म तिथि, फोटो, या अन्य प्रकार की त्रुटि को सुधारने के लिए फार्म-8 भरना होगा और मतदाता सूची में नाम विलोपन के लिए फार्म-7 भरा जाएगा।

मतदाताओं के लिए विशेष जानकारीः- मतदाता वोटर हेल्पलाइन मोबाईल एप Voters.eci.gov.in में जाकर निम्न प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं- यदि मतदाता का नाम, सरनेम, जम्नतिथि आदि का सुधार किया जाना हो तो प्रारूप – 8 से सही विवरण भरा जावेगा। मृत, स्थानांतरित मतदाता के मामलों में प्रारूप-7 के माध्यम से कार्यवाही होगी।

पंजीयन हेतु प्रारूप-6- भावी मतदाता के रिकार्ड हेतु प्रारूप 6। निःशक्त (दिव्यांग) मतदाताओं को वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के दौरान समस्त मतदान केन्द्रों के बूथ लेबल अफिसरों के माध्यम से सभी पात्र मतदाताओं का पंजीयन कार्य तथा मतदाता सूची का सत्यापन जांच सुधार का कार्य, एवं मृत/स्थानांतरित/दोहरी प्रविष्टि का विलोपन किया जावेगा। मतदाता सूची या विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध मे मतदाता को कोई भी जानकारी सीधे निर्वाचन के टोल फी नम्बर 1950 से प्राप्त कर सकते है या फिर सीधे जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 89 बीजापुर के समस्त राजनैतिक दल प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित कर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 कार्यक्रम के संबंध में अवगत कराया गया है।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित

0

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को, अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को होगी जारी

     दंतेवाड़ा, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में आज संयुक्त जिला कार्यालय, दंतेवाड़ा के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम, पंजीयन प्रक्रिया तथा सूची को त्रुटिरहित बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा पते में परिवर्तन एवं विवरण सुधार के लिए फार्म-8 की जानकारी दी गई। आवेदन वोटर सर्विस पोर्टल एवं ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने तथा बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।