Home Blog Page 32

भारी बारिश को लेकर मंत्री श्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग के सभी कलेक्टरों से ली स्थिति की जानकारी

0

भारी बारिश को लेकर मंत्री श्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग के सभी कलेक्टरों से ली स्थिति की जानकारी

*प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी के दिए निर्देश*

रायपुर, / बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति तथा प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां भी जलभराव अथवा बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कलेक्टरों को निचले और संवेदनशील इलाकों तथा नदी-नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जिन मार्गों, पुल-पुलियों या रपटों पर पानी बह रहा हो, वहां लोगों को आवागमन न करने दिया जाए। आवश्यकता के अनुसार पुलिस एवं प्रशासन की टीम तैनात कर बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

मंत्री श्री कश्यप ने बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं और राहत दल आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना और जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा करने, आवश्यकतानुसार संसाधनों की तत्काल व्यवस्था करने तथा मैदानी अमले को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने में विलंब न हो।

*राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की आवश्यकता हो, वहां राहत शिविरों की समुचित व्यवस्था की जाए। शिविरों में भोजन, पेयजल, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बारिश और जलभराव के बाद उत्पन्न हो सकने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य अमले को सतर्क रखने के निर्देश भी दिए।

*नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील*

मंत्री श्री कश्यप ने नागरिकों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नदी-नालों, जलमग्न पुल-पुलियों और रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम

0

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम

*पोषण माह के तहत पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी, न्योता भोज, बाल गतिविधियां और खिलौना दान बॉक्स रहे प्रमुख आकर्षण*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:-, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों, माताओं, अभिभावकों एवं समुदाय के बीच संवाद, सहभागिता और जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाना रहा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया जिले की नवागढ़ परियोजना के 18, अकलतरा के 26, जांजगीर के 24, बलौदा के 23, बम्हनीडीह के 22 तथा पामगढ़ परियोजना के 32 आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान पोषण माह के अंतर्गत पौष्टिक आहार एवं व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन करते हुए बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के लिए संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। समुदाय को दैनिक भोजन में विविध एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में खेल, चित्रकला, गीत सहित विभिन्न बाल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों से बच्चों को आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी रचनात्मकता एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। वहीं ‘खिलौना दान बॉक्स’ के माध्यम से समुदाय एवं सहयोगियों को बच्चों के लिए खिलौने एवं उपयोगी खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में ‘न्योता भोज’ भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों, अभिभावकों, हितग्राहियों, अतिथियों एवं समुदाय के सदस्यों ने सहभागिता की। न्योता भोज एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए खिलौने और खेल सामग्री उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों के योगदान की सराहना की गई। स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में सहयोग करने वाली मितानिनों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

जिला पंचायत इंजी सत्यलता आनंद मिरी की उपस्थिति में अकलतरा परियोजना के कोटमीसोनार तथा जांजगीर परियोजना के वार्ड क्रमांक 12 आंगनबाड़ी केन्द्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बलौदा परियोजना के सिवनी 81 केन्द्र में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राठौर तथा बम्हनीडीह परियोजना के बिर्रा 2 एवं 3 केन्द्रों में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू की उपस्थिति रही। इसी प्रकार बरपाली के आंगनबाड़ी केन्द्रों में श्रीमती जया गोपाल एवं श्रीमती मीरा पटकी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पामगढ़ परियोजना के भैसो केन्द्र में महिला एवं बाल विकास की स्थायी समिति की सभापति श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह की उपस्थिति रही। जिले के अन्य केन्द्रों में भी आमंत्रित अतिथियों के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, मितानिनों तथा न्योता भोज एवं खिलौना दान में सहयोग करने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया।‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करने तथा बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

सेवा मेरा योगदान: खरौद में श्रमदान कर जल स्रोतों की हुई सफाई

0

सेवा मेरा योगदान: खरौद में श्रमदान कर जल स्रोतों की हुई सफाई

       मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में नगर पंचायत खरौद में ‘सेवा ही संकल्प’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत मिशिर तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान कर तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। साथ ही नागरिकों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए इसके उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। नागरिकों से जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेश्वर यादव, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सत्यनारायण देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत गर्भवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच

0

सेवा संकल्प अभियान के तहत गर्भवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच

    मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में गर्भवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित गतिविधियों के दौरान गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक टीकाकरण किया गया।

इस दौरान किशोरी बालिकाओं की हीमोग्लोबिन (HB) जांच कर उन्हें एनीमिया से बचाव, पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। गर्भवती माताओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, संतुलित आहार एवं गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों के संबंध में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने और स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने 21 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास: मदकू में 68.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, ट्रॉमा सेंटर और इको टूरिज्म सेंटर सहित कई बड़ी घोषणाएं

0

मुख्यमंत्री श्री साय ने 21 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास: मदकू में 68.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, ट्रॉमा सेंटर और इको टूरिज्म सेंटर सहित कई बड़ी घोषणाएं

*सरगांव में खुलेगा ट्रॉमा सेंटर, मदकू द्वीप में बनेगा इको टूरिज्म सेंटर*

*आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री साय*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,//मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री श्री साय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर’ में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास की गति तेज हो और जनसेवा की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो। गांवों में अच्छी सड़कें हों, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, माताओं और बच्चों को पर्याप्त पोषण मिले और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक शासन की प्रत्येक योजना का लाभ सहजता से पहुंचे। इसी सोच के साथ हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा है। उनके नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश में विकास के साथ जनकल्याण का एक नया अध्याय लिखा गया है। छत्तीसगढ़ में भी हमारी सरकार प्रधानमंत्री जी की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी से और मजबूत करने का माध्यम है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी विस्तार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि नागरिक को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े, उसकी समस्या का समय पर समाधान हो और शासन की योजनाओं का लाभ उसे आसानी से मिले। इसी उद्देश्य से सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बना रही है। ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों के माध्यम से शासन को नागरिकों के और करीब लाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव लाने का काम हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। हमारा स्पष्ट प्रयास है कि पात्रता रखने वाला कोई भी परिवार जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

*स्वस्थ माता और सुपोषित बच्चा मजबूत समाज की नींव*

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र हमारे बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके संपूर्ण विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए उनके पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और प्रारंभिक देखभाल पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आंगन मिलन के माध्यम से परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी एक साथ बैठकर बच्चों के पोषण, गर्भवती माताओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर संवाद कर रहे हैं। यह पहल स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को पहुंचाने में इनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इनकी सेवा और समर्पण के कारण शासन की अनेक योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता सीधे पहुंच रही है। यह राशि महिलाओं को अपनी और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।

*समय पर जांच कराएं, अपने स्वास्थ्य को भी दें प्राथमिकता*

मुख्यमंत्री श्री साय ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित नागरिकों से स्वास्थ्य जांच की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया सहित अनेक बीमारियों की समय रहते पहचान हो जाए तो उनका उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

उन्होंने माताओं-बहनों से विशेष रूप से आग्रह किया कि परिवार की देखभाल के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। स्वस्थ माता ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला है और स्वस्थ परिवारों से ही स्वस्थ एवं सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।

रक्तदान करने वाले सेवाभावियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी अनजान जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। समाज के लिए आगे बढ़कर रक्तदान करने वाले युवा और सभी सेवाभावी अभिनंदन के पात्र हैं।

*मदकू की विरासत को विकास और पर्यटन से जोड़ेंगे*

मुख्यमंत्री श्री साय ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत हमारी पहचान और हमारा गौरव है। इसका संरक्षण करने के साथ इसे नई पीढ़ी से जोड़ना भी हमारी जिम्मेदारी है। मदकू द्वीप में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से इसकी विशिष्ट पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। मदकू द्वीप जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को संरक्षित करते हुए यहां आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि प्रदेश और देश के अधिक से अधिक लोग छत्तीसगढ़ की इस समृद्ध धरोहर से परिचित हो सकें।

*स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और जनसुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं*

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर प्रारंभ करने तथा पिपर डोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपये तथा पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर की स्थापना के लिए 75 लाख रुपये, भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण और भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में प्रत्येक गांव में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन स्थापित करने, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की भी घोषणा की।

*68.96 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्यों की सौगात*

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये की लागत के नए कार्यों का शिलान्यास किया।

लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लोरमी विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग के कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

*विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी प्राथमिकता : केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू*

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने समाजसेवी स्वर्गीय श्री शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी उनका स्मरण किया।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने कहा कि स्वर्गीय श्री शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से यहां उत्खनन कार्य हुआ और इस क्षेत्र के प्राचीन इतिहास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ अपनी विरासत को सहेजने का कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

*मदकू द्वीप की प्राचीन विरासत को मिलेगी नई पहचान : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव*

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है और यह 11वीं सदी का महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र रहा है। राज्य सरकार मदकू द्वीप के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से भी इसके विकास को सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में सम्मानित सभी सेवाभावियों को बधाई दी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि स्वर्गीय श्री शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के विकास और इसकी ऐतिहासिक पहचान को स्थापित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनके कार्यों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन,विधायक श्री अमर अग्रवाल, विधायक श्री सुशांत शुक्ला एवं विधायक श्री पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, श्री कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत पथरिया की अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा मनीष जांगड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, बिलासपुर राजस्व संभाग के संभागायुक्त श्री सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी, श्री रामस्वरूपदास महात्यागी, डॉ. ललित माखीजा, डॉ. देवेन्द्र कौशिक, श्री यश मनहर, श्री राजेश तिवारी, श्री सौरभ दुबे, श्री रविन्द्र शर्मा, श्री विजय सिंह, श्री जीवन कौशिक, श्री भृगु अवस्थी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

*सेवा संकल्प अभियान में आंगन मिलन से जुड़ा अपनत्व का भाव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका का हुआ सम्मान*

0

*विवेकानंद वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ आंगन मिलन, न्योताभोज एवं सम्मान समारोह*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली—- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र विवेकानंद वार्ड में आंगन मिलन, न्योताभोज एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित करने के साथ-साथ समाज और प्रशासन के बीच सेवा एवं सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद श्रीमती अर्चना देवांगन उपस्थित रहीं। वही अनंत देवांगन विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर श्रीमती अंजना जायसवाल सहित वार्ड की महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में संवाद करते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर चर्चा की गई।

कार्यकर्ता-सहायिका का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में सेवाएं दे रही कार्यकर्ता एवं सहायिका के योगदान को सम्मानित किया गया। वार्ड पार्षद श्रीमती अर्चना देवांगन द्वारा सहायिका का सम्मान किया गया। अनंत देवांगन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया। सम्मान के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों और सेवाभाव को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में अनंत देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण का केंद्र नहीं हैं, बल्कि महिलाओं, बच्चों और परिवारों से सीधे जुड़कर सामाजिक जागरूकता एवं विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सभी से समाजहित में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

*न्योताभोज में दिखा अपनत्व और सामुदायिक सहभागिता का भाव*

कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती अर्चना देवांगन द्वारा न्योताभोज का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से न्योताभोज में सहभागिता की। इस दौरान सभी ने मिलकर भोजन किया और आपसी मेल-जोल एवं आत्मीयता का परिचय दिया। आंगन मिलन कार्यक्रम ने आंगनबाड़ी केंद्र को महिलाओं एवं बच्चों के साथ संवाद, सहभागिता और सामुदायिक जुड़ाव का मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं देखभाल से जुड़े विषयों पर चर्चा की। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम सेवा, सम्मान और सहभागिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के सेवाभाव को सम्मान देने के साथ महिलाओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं महिलाओं ने समाज में सेवा, सहयोग और सकारात्मक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आंगनबाड़ी केंद्र विवेकानंद वार्ड में आयोजित आंगन मिलन एवं न्योताभोज कार्यक्रम ने “सेवा से सम्मान और सहभागिता से सशक्त समाज” का संदेश दिया।

*लोरमी में निकली गणेश विसर्जन की भव्य झांकी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया स्वागत- अभिनंदन*

0

*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गणेश समितियों को बधाई दी, सनातन संस्कृति की युवा बढ़ाएं आगे*

*झांकियों को देखने उमड़ा लोरमी, भक्ति और उत्साह से सराबोर हुआ नगर*


तीजराम साहू ब्यूरो लोरमी। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को लोरमी के मुंगेली चौक में आयोजित गणेश विसर्जन झांकी प्रतियोगिता में विभिन्न गणेश समितियों की झांकियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने झांकी में शामिल समितियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान झांकियों के माध्यम से बस्तर में नक्सल उन्मूलन और विकास की तस्वीर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया।

गौरतलब है कि, उप मुख्यमंत्री श्री साव की पहल पर लोरमी नगर में युवाओं को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने के उद्देश्य से गणेश विसर्जन झांकी निकालने की परंपरा शुरू की गई है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

युवाओं ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक भावनाओं एवं सामाजिक बदलाव लाने के प्रयास को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें गणेश समितियों की रचनात्मकता और उत्साह दिखाई दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

गणेश विसर्जन झांकी को देखने के लिए पूरा लोरमी नगर उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने झांकियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। भक्ति, संस्कृति और उल्लास से भरी इस झांकी ने लोरमी में गणेशोत्सव की भव्यता को बढ़ाया।

हर महीने खाद्यान्न का संबल

0

हर महीने खाद्यान्न का संबल

*ग्राम रामगढ़ की गोदावरी के परिवार को मिली भोजन की चिंता से राहत*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम रामगढ़ की गोदावरी को मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना का लाभ मिल रहा है। योजना के तहत नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध होने से उनके परिवार को भोजन की चिंता से राहत मिली है। गोदावरी ने बताया कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों में खाद्यान्न की व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण होती है।

योजना के माध्यम से मिलने वाले खाद्यान्न से अब परिवार को नियमित भोजन की सुरक्षा मिली है। इससे घरेलू बजट पर पड़ने वाला दबाव भी कम हुआ है और परिवार अन्य आवश्यक जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाला खाद्यान्न उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा है। शासन की इस योजना से जरूरतमंद परिवारों को कठिन परिस्थितियों में भी खाद्य सुरक्षा उपलब्ध हो रही है और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर पा रहे हैं। गोदावरी ने मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस सहायता से उनके परिवार को नियमित भोजन की चिंता से राहत मिली है।

खेत की मेढ़ पर पहुंचे कलेक्टर, डिजिटल क्रॉप सर्वे का लिया जायजा

0

खेत की मेढ़ पर पहुंचे कलेक्टर, डिजिटल क्रॉप सर्वे का लिया जायजा

*शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित ई-गिरदावरी करने के निर्देश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से गिरदावरी में दर्ज फसल एवं रकबे की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी सत्यापन एवं रैंडम सत्यापन का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज मुंगेली विकासखंड के ग्राम धरमपुरा में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का खेत की मेढ़ पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सर्वे प्रक्रिया की जानकारी ली और फसल एवं रकबे की प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सर्वेयर द्वारा खेत में की जा रही डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से सर्वे की प्रगति, दर्ज किए जा रहे फसल विवरण तथा रकबे से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्वे में दर्ज होने वाली प्रत्येक जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप एवं त्रुटिरहित होनी चाहिए, ताकि किसानों की फसल एवं कृषि भूमि का सही डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सके। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए। जहां भी आवश्यक हो, मैदानी स्तर पर पुनः सत्यापन कराकर रिकॉर्ड को सही किया जाए।

*खेतों से सीधे ऑनलाइन दर्ज हो रहा फसल का रिकॉर्ड*

डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत सर्वेयर द्वारा खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति एवं संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही है। इस प्रक्रिया से खेतवार फसल एवं रकबे का अधिक सटीक रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी। मैदानी सत्यापन और रैंडम सत्यापन के माध्यम से दर्ज जानकारी की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसल क्षेत्र एवं उत्पादन का सटीक आकलन करने में सहायता मिलेगी। इससे कृषि से संबंधित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, फसल आधारित आंकड़ों की उपलब्धता तथा किसानों तक योजनाओं एवं सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना

0

मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना

*ग्राम रामगढ़ की बिरझा को मिल रहा खाद्यान्न सुरक्षा का लाभ*

 *परिवार को मिली नियमित भोजन की चिंता से राहत*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक नियमित एवं सुलभ खाद्यान्न पहुंचाकर उनकी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में ग्राम रामगढ़ की बिरझा को मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना का लाभ मिल रहा है। योजना के माध्यम से उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है, जिससे परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहारा मिला है। बिरझा ने बताया कि परिवार के लिए हर महीने भोजन की व्यवस्था करना पहले चिंता का विषय रहता था।

मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले खाद्यान्न से अब परिवार को बड़ी राहत मिली है। नियमित खाद्यान्न मिलने से घर की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं और परिवार के अन्य आवश्यक खर्चों के लिए भी थोड़ी बचत संभव हो पा रही है। उन्होंने बताया कि शासन की इस योजना ने जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समय पर खाद्यान्न मिलने से परिवार में सुरक्षा और संतोष की भावना बढ़ी है। बिरझा ने मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरत के समय मिलने वाला यह खाद्यान्न उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ जीवन-यापन करने में सहायता मिलती है।