Home Blog Page 12

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना

0

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना

*साक्षी को मिला आर्थिक संबल, सिलाई मशीन से शुरू किया स्वरोजगार*

*अब प्रतिदिन 400 से 500 तक की कर रही हैं कमाई*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल बनने के साथ युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम सोढ़ार निवासी साक्षी राजपूत ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना के तहत मिली 20 हजार रूपए की आर्थिक सहायता से सिलाई मशीन खरीदी और घर पर ही स्वरोजगार शुरू कर दिया। आज वह सिलाई कार्य के माध्यम से प्रतिदिन 400 से 500 तक अर्जित कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं। साक्षी राजपूत ने बताया कि योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने पर साक्षी को एकमुश्त 20 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने सिलाई मशीन खरीदने में किया और घर से ही सिलाई का काम शुरू कर दिया। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने कमाई का साधन विकसित किया। अब उनकी आय से परिवार को आर्थिक सहयोग मिल रहा है और वह आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

साक्षी ने शासन से प्राप्त सहायता राशि को स्वरोजगार शुरू करने में लगाया। सिलाई मशीन के माध्यम से घर पर काम शुरू करने से उन्हें अपनी आजीविका अर्जित करने का अवसर मिला। इस पहल ने न केवल परिवार की आर्थिक मदद करने का रास्ता खोला, बल्कि साक्षी को अपने कौशल के आधार पर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी दिया। स्वरोजगार शुरू करने के बाद साक्षी ने श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में दर्जी प्रवर्ग के अंतर्गत पंजीयन भी कराया है, जिससे वे नियमानुसार विभागीय योजनाओं के लिए पात्रता प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। साक्षी के पिता श्री संजय राजपूत ने बताया कि उन्होंने अपनी द्वितीय पुत्री के लिए योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन किया था। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हुई। इस सहायता से साक्षी ने अपना काम शुरू किया और परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा देने में योगदान दे रही हैं।

श्रम पदाधिकारी श्रीमती नचिकेता तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों में शामिल पात्र अविवाहित पुत्रियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत निर्धारित पात्रता पूरी करने वाली 18 से 21 वर्ष आयु की तथा कक्षा 10वीं उत्तीर्ण पुत्री को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से एकमुश्त 20 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग पुत्री की शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार को बेहतर बनाने अथवा विवाह संबंधी आवश्यकताओं के लिए किया जा सकता है।

*सुप्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा के देवी भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु, भक्ति और आस्था से सराबोर हुआ मुंगेली*

0

*केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले की उपस्थिति में हुआ भव्य जगराता*

*सफल आयोजन पर माँ भारती सेवा समिति ने जताया आभार*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली—– शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ भगवती की आराधना और भक्ति के रंग में मुंगेली उस समय सराबोर हो गया, जब छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा ने अपने मधुर स्वर में एक से बढ़कर एक देवी भजनों की प्रस्तुति दी। माँ भारती सेवा समिति, मुंगेली के तत्वावधान में 13 अक्टूबर की रात्रि को डॉ. भानु प्रताप गुप्ता चौक स्थित रेस्ट हाउस के पास, दाऊपारा मैदान में भव्य जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। माता रानी के जयकारों और भक्तिमय गीतों के बीच श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे तथा माँ भगवती की आराधना में लीन रहे।
जगराता कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने सहभागिता कर माता रानी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। देवी गीतों की मधुर धुनों और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

*अनुराग शर्मा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भक्ति में झूमते रहे श्रद्धालु*

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा की शानदार प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में माँ भगवती के एक से बढ़कर एक देवी गीत एवं भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनकी गायकी ने जगराता कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। जैसे-जैसे भजनों की प्रस्तुति आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। माता रानी के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा एवं भक्ति का परिचय दिया।
अनुराग शर्मा की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु भजनों में भाव-विभोर होकर माँ भगवती की आराधना करते नजर आए। जगराता कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश दिया।

*सफल आयोजन पर माँ भारती सेवा समिति ने जताया आभार*

भव्य जगराता कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर माँ भारती सेवा समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं, नगरवासियों, समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि किसी भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को सफल बनाने में सामूहिक सहयोग, समर्पण, आपसी सद्भाव और जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से ही इस भव्य जगराता कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाया जा सका। समिति ने विशेष रूप से कार्यक्रम में अपनी शानदार प्रस्तुति देने वाले सुप्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके भक्तिमय देवी गीतों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के योगदान की सराहना की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि माँ भगवती के प्रति श्रद्धा और विश्वास लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। जगराता कार्यक्रम में नगरवासियों की सहभागिता और सहयोग ने आयोजन को विशेष बना दिया।
माँ भारती सेवा समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार स्नेह, सहयोग और सहभागिता बनाए रखने की अपील की। समिति ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सेवा, समर्पण और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। माँ भगवती से समस्त नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही सभी के परिवारों में मंगल, प्रेम और सकारात्मकता बनी रहने की कामना की।
जगराता कार्यक्रम के सफल आयोजन में माँ भारती सेवा समिति के सदस्य आकाश सोनी, आशीष चक्रधारी, सौरभ वाजपेयी, राकेश साहू, दिलीप देवांगन, निमेष देवांगन, शोभित, गजेंद्र साहू, रोशन सोनी, रामकुमार साहू, राजा तम्बोली, डॉ. सुमित तिवारी, अप्पू शर्मा, राहुल पाठक, आशुतोष मिश्रा, रामदीन साहू, आशीष जायसवाल, विशाल साहू, शोभित साहू एवं अमन तिवारी सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग एवं सहभागिता रही। समिति ने सभी सदस्यों के समर्पण एवं मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस तरह के भव्य धार्मिक आयोजनों को सफल बनाया जा सकता है। यह जानकारी माँ भारती सेवा समिति के सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने दी।

वीबीजी-रामजी अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में करें काम: जिपं सीईओ

0

वीबीजी-रामजी अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में करें काम: जिपं सीईओ

*समय-सीमा की बैठक में योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा*

*निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने पर जोर*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी , आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने, निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में वीबी-जी-रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायतों को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना के प्रावधानों के अनुरूप ग्रामीणों को कार्य उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करें और विभागीय समन्वय के साथ कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में वीबी-जी-रामजी के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगारमूलक कार्यों को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। वन विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर कार्य उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दें। इससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में आवश्यक विकास कार्यों को भी गति मिल सकेगी।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार उचित कार्यवाही की जानी चाहिए। विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। जिन निर्माण कार्यों के लिए भूमि चिन्हांकन या भूमि उपलब्धता से संबंधित प्रकरण लंबित हैं, उनका प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया, ताकि विकास कार्यों को समय पर प्रारंभ एवं पूर्ण किया जा सके।

जाति, निवास सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों को लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र आवेदकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इससे विद्यार्थियों सहित अन्य हितग्राहियों को आवश्यक कार्यों में सुविधा मिल सकेगी। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्यवाही निर्धारित नियमों के अनुरूप समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अधिकारियों को आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेने के लिए कहा गया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन प्रकरणों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही स्वामित्व योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा एग्रीस्टैक के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, निर्माण कार्यों, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव एवं अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन सतर्क

0

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन सतर्क

*ब्लैक स्पॉट सुधार और यातायात नियमों के पालन पर जोर*

*जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में सुधार, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधार, सड़क सुरक्षा संबंधी निरीक्षण प्रतिवेदनों तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गंभीरता से कार्य करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों की यात्रा अधिक सुरक्षित बनाई जा सके।

बैठक में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और सजगता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने जैसे नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की जागरूकता और यातायात नियमों का पालन भी महत्वपूर्ण है।

बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों का नियमित आयोजन करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा की गई। पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव एवं श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 150 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मा वितरण, सौरभ सिंह ने कहा—जनसेवा ही सबसे बड़ा संकल्प

0

सेवा संकल्प अभियान के तहत 150 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मा वितरण, सौरभ सिंह ने कहा—जनसेवा ही सबसे बड़ा संकल्प

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा अकलतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने नेत्र परीक्षण के बाद चयनित 150 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने तथा उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को चश्मे वितरित करते हुए सौरभ सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करना और समाज के जरूरतमंद लोगों तक कल्याणकारी गतिविधियों का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।

जरूरतमंदों की सहायता ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य : सौरभ सिंह

सौरभ सिंह ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी पहल की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जरूरतमंदों की समस्याओं को समझकर उनकी सहायता करना ही जनसेवा का वास्तविक अर्थ है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जाने वाले ऐसे प्रयास लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उन्होंने कहा कि आंखें मानव जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और दृष्टि संबंधी परेशानी का असर व्यक्ति की दिनचर्या पर पड़ता है। समय पर नेत्र परीक्षण तथा आवश्यकता के अनुसार चश्मा उपलब्ध होने से लोगों को पढ़ने-लिखने और रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिल सकती है। इसी उद्देश्य से नेत्र परीक्षण के उपरांत जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से लाभान्वित होने वाले लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाना समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निभाई अहम भूमिका

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंद हितग्राहियों को चश्मे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई, जिससे पात्र लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सका।

कार्यक्रम का संचालन आशीष प्रसाद ने किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. महेंद्र सोनी ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि बीपीएम अनूप मनहर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नेत्र चिकित्सक डॉ. आर.के. यादव, कविता बसोर, सहायक पीतेश सिंह चंदेल एवं डी.आर. भारते सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकीय टीम ने नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण की प्रक्रिया में सहयोग किया।

जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नंदकुमार चौधरी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाटले, भाजपा जिला उपाध्यक्ष समीर शुक्ला, जनपद अध्यक्ष शकुन अघरिया, अनिल दुबे, पार्षद दिनेश दास महंत, मुरलीधर मिश्रा, सुरेश मिर्चन्य, संतन सिन्हा, एल्डरमैन संतोष दुबे, भाजपा नगर मंडल महामंत्री सुमित सिंह चंदेल, खीलेंद्र सिंह, उमेश सिंह, शेर खान, अनिरुद्ध सिंह, जितेंद्र सारथी, वेदांत सिंह चौहान, चंदन शर्मा, शंकर गौतम एवं प्रहलाद गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नंबर 7 में पानी की समस्या को लेकर धरना, चक्काजाम स्थगित

0

नंबर 7 में पानी की समस्या को लेकर धरना, चक्काजाम स्थगित

पानी की समस्या को लेकर वार्ड नंबर 7 में धरना प्रदर्शन, चक्काजाम स्थगित

पार्षद माधुरी देवी पालीवाल के नेतृत्व में लोगों ने सौंपा ज्ञापन, जलप्रदाय के पुराने समय को बहाल करने की मांग

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा,:-अकलतरा। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में जलप्रदाय की समस्या को लेकर आज पार्षद माधुरी देवी पालीवाल के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराने और पूर्व निर्धारित समय पर नल चालू कराने की मांग उठाई।

धरना प्रदर्शन सुबह से जारी रहा। इसी बीच मुख्य नगर पालिका अधिकारी की ओर से दोपहर 12 बजे परिषद की बैठक आयोजित किए जाने की सूचना मिलने पर सुबह 11:30 बजे धरना समाप्त कर दिया गया। साथ ही प्रस्तावित चक्काजाम को भी स्थगित कर दिया गया।

धरना समाप्त होने के बाद पार्षद के नेतृत्व में वार्डवासी एवं आम नागरिक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि विगत वर्षों से जिस समय पर जलप्रदाय किया जाता रहा है, उसी निर्धारित समय पर नल चालू कराया जाए, ताकि आम जनता को पानी की समस्या से राहत मिल सके।

इसके बाद जलप्रदाय के मुद्दे पर परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्षदों के बीच आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण अंतिम निर्णय नहीं हो सका। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों के भीतर सभी पार्षदों की सहमति से जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा।

अब वार्डवासियों की नजर नगर पालिका परिषद के आगामी निर्णय पर टिकी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि जलप्रदाय के समय को लेकर जल्द समाधान निकलेगा और उन्हें नियमित रूप से पानी मिल सकेगा।

*संस्कारवान परिवार ही सशक्त समाज का आधार : तोखन साहू*

0

*संस्कारवान परिवार ही सशक्त समाज का आधार : तोखन साहू*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली** तहसील साहू संघ लोरमी द्वारा आयोजित ‘एक दिवसीय परिवार संस्कार कार्यशाला’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने कहा कि संस्कारवान परिवार ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने आयोजन के लिए संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

श्री साहू ने कहा कि परिवार बच्चों की पहली पाठशाला है। माता कर्मा की भक्ति एवं सेवा, दानवीर भामाशाह के त्याग और माता राजिम की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन में संस्कारों को अपनाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय जागरूकता पर ध्यान देने तथा नशे एवं डिजिटल भटकाव से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही, सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची से बचने, पौधारोपण को बढ़ावा देने और समाज में एकता एवं समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को धन-संपत्ति के साथ संस्कारों और उच्च सामाजिक मूल्यों की विरासत देना हम सभी का दायित्व है।

*महानदी जल बंटवारे के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सहमति बनाने की दिशा में ठोस पहल*

0

*महानदी जल बंटवारे के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सहमति बनाने की दिशा में ठोस पहल*

*केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने केंद्रीय जल आयोग की संयुक्त तकनीकी समिति के गठन के संबंध में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू को दी जानकारी*

नई दिल्ली,केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल ने महानदी जल बंटवारे के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सहमति बनाने के उद्देश्य से की जा रही पहल के संबंध में जानकारी दी है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने अपने पत्र में बताया कि केंद्रीय जल आयोग (CWC) और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल करते हुए एक संयुक्त तकनीकी समिति के गठन का अनुरोध किया गया था, ताकि जल बंटवारे के मुद्दे पर दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने तथा विवाद के समाधान की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जा सके।

पत्र के अनुसार, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग ने 27 जुलाई 2026 के कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से संयुक्त तकनीकी समिति का पुनर्गठन एवं विस्तार किया है। समिति की अध्यक्षता केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष कर रहे हैं। समिति को अपनी रिपोर्ट एवं सिफारिशें तीन माह के भीतर प्रस्तुत करनी हैं। इसकी पहली और दूसरी बैठक क्रमशः 29 जुलाई 2026 तथा 7 सितंबर 2026 को आयोजित की जा चुकी हैं।

इसके अतिरिक्त, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने बताया कि 30 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों राज्यों के बीच महानदी जल विवाद के समाधान के लिए बातचीत एवं तकनीकी विचार-विमर्श जारी रखने पर सहमति व्यक्त की गई।

श्री साहू ने महानदी जल विवाद के समाधान के लिए केंद्र सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच संवाद, तकनीकी अध्ययन और आपसी सहमति के आधार पर समाधान की दिशा में आगे बढ़ना महत्वपूर्ण है। महानदी जल विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा, दोनों राज्यों के किसानों, नागरिकों तथा जल संसाधन प्रबंधन के व्यापक हित में है।

केंद्र सरकार की पहल से दोनों राज्यों के बीच समन्वय को बढ़ावा मिलने और महानदी जल बंटवारे के मुद्दे पर व्यावहारिक समाधान की दिशा में प्रगति की उम्मीद है।

मल्टी-परपस इंडोर हॉल के लिए 05 करोड़ मंजूर

0

*मल्टी-परपस इंडोर हॉल के लिए 05 करोड़ मंजूर*

*क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने स्वीकृत की राशि*

*उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राशि स्वीकृति का आदेश जारी*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली // खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के लछनपुर में मल्टी-परपस इंडोर हॉल के निर्माण के लिए 04 करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपए मंजूर किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव की पहल पर क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत एक एकड़ में इसका निर्माण किया जाएगा। श्री साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश आज जारी कर दिया है।

लछनपुर में बनने वाले इस मल्टी-परपस इनडोर हॉल में वॉलीबॉल, हैंडबॉल बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट जैसे खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके निर्माण से अंचल के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए सर्वसुविधायुक्त अधोसंरचना मिलेगी। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को संवारने, तराशने और विभिन्न खेलों के आयोजनों में भी मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

 

जनदर्शन में सुनी गईं आम नागरिकों की समस्याएं, आवेदनों के निराकरण पर प्रशासन का जोर

0

जनदर्शन में सुनी गईं आम नागरिकों की समस्याएं, आवेदनों के निराकरण पर प्रशासन का जोर

*शौचालय निर्माण, तीन पहिया स्कूटी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे आवेदक*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं को सुना गया और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जनदर्शन में ग्राम भूतकछार की श्रीमती रंजीत यादव ने अपने पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद मुआवजा राशि दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, ग्राम हथिनी कल की श्रीमती दुर्गा यादव ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने की मांग रखी। इसी प्रकार ग्राम सोनपुरी के दिव्यांग श्री गोविंद बारमते ने तीन पहिया स्कूटी उपलब्ध कराने तथा ग्राम रोहरा खुर्द के श्री हरि प्रसाद मेखले ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। इनके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर निराकरण की मांग की।

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव एवं श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।