More

    *सुदूर वनांचल जमुनाही में पहुंची न्याय की चौपाल*

    *सुदूर वनांचल जमुनाही में पहुंची न्याय की चौपाल*

    *मेगा शिविर एवं लीगल एड क्लीनिक का हुआ शुभारंभ*

    *घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को दी जाएगी निःशुल्क विधिक सहायता*

    मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में लोरमी क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम जमुनाही में मेगा शिविर एवं लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया गया।
    मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्री सतीश कुमार खाखा तथा व्यवहार न्यायाधीश लोरमी श्री देवेंद्र कुमार दीक्षित सहित न्यायिक अधिकारियों ने ग्राम जमुनाही में सरस्वती माता की पूजा-अर्चना के पश्चात लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, शासकीय योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की 13 महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, जमीन के दस्तावेज एवं भू-अभिलेखों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से सतर्क रहने समझाइश दी गई। कार्यक्रम में वन्यजीवों से होने वाली क्षति के लिए मुआवजा, वीर सैनिकों के परिवारों के लिए सहायता, बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, जादू-टोना जैसी कुरीतियों से बचाव तथा नशे से दूर रहने सहित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।
    इस दौरान ग्रामीणों को वृद्धावस्था पेंशन, मनरेगा श्रमिकों के अधिकार, श्रमिकों की मजदूरी, बंधक बनाए जाने की स्थिति में शिकायत, बच्चों एवं बच्चियों के अपहरण तथा अन्य कानूनी मामलों में तत्काल सहायता लेने की समझाइश दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा धर्मशाला/सामुदायिक भवन की आवश्यकता सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें सामने रखी गईं। वृद्ध महिला गेंदबाई को निराश्रित पेंशन का लाभ नहीं मिलने की जानकारी पर संबंधित सरपंच को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
    मेगा शिविर के साथ शुरू किए गए 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत लीगल एड क्लीनिक एवं पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ संबंधित मामलों में आवेदन एवं आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पैरा लीगल वालंटियर्स श्री अनिल कुमार यादव एवं श्री उमेद कुमार साहू द्वारा प्रतिदिन ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और आवश्यकतानुसार आवेदन तैयार कराने में सहयोग किया जाएगा।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर्स,सरपंच श्री चंद्रमणि साहू एवं सचिव श्री ओम प्रकाश मरावी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology