बहन की याद में जरूरतमंद बच्चों तक पहुंची मदद, रक्षाबंधन पर अभिजीत सिंह बैस की पहल

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को समाजसेवा से जोड़ते हुए अभिजीत सिंह बैस ने शासकीय गोपिया पारा प्राथमिक शाला में बच्चों के साथ पर्व मनाया। अपनी दिवंगत बहन स्वर्गीय डॉ. दीपमाला सिंह की स्मृति में उन्होंने विद्यालय की छात्राओं से राखी बंधवाई और सभी छात्र-छात्राओं को रेनकोट एवं मिठाई वितरित की।
अभिजीत सिंह बैस ने कहा कि अपनों की यादों को जीवंत रखने का सबसे अच्छा माध्यम समाज और जरूरतमंदों की सेवा है। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना उनकी बहन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए घोषणा की कि अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा।
बताया गया कि अभिजीत सिंह बैस इससे पहले भी जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। भीषण गर्मी के दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक पानी पहुंचाने में सहयोग किया था।
कार्यक्रम में मदन गोपाल सिंह, जयंत सिंह क्षत्रिय, जयदीप सिंह बैस, लोकेश सिंह चंदेल, राजवीर जायसवाल, सूरज बरेठ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।
रक्षाबंधन का यह आयोजन प्रेम, स्मृति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए संपन्न हुआ
