*माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है*
। रायपुर कमिश्नरेट की थाना कोतवाली पुलिस एवं क्राइम ब्रांच ACCU की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रायपुर | छत्तीसगढ़ – पुलिस के अनुसार आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल (19 वर्ष), निवासी बेमेतरा एवं वर्तमान में रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी पर आरोप है कि उसने 12वीं के छात्रों को हिंदी विषय का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के एवज में लगभग ₹3000 तक की रकम वसूली थी।
🔍 कैसे पहुंची पुलिस आरोपी तक?
पेपर लीक की सूचना सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से डिलीटेड डेटा, मोबाइल चैट्स, सोशल मीडिया एक्टिविटी और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शनों की गहन जांच की।
👥 लगभग 50 से अधिक छात्रों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपी वेणु जंघेल का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक मामला सामने आने के बाद आरोपी लगातार फरार था और डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
📍 बिलासपुर से गिरफ्तारी
तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। 4 दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं।
📱 जांच में सामने आया है कि पेपर प्रसारण के तरीके, अन्य लोगों की संलिप्तता और आर्थिक लेन-देन से जुड़े कई अहम तथ्य मिले हैं। पुलिस अब अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव बताई जा रही हैं।
⚖️ आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच थाना कोतवाली रायपुर द्वारा जारी है।
