More

    *केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अमृत एवं अर्बन चैलेंज फंड की प्रगति की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन और परिणामों पर दिया जोर*

    *केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अमृत एवं अर्बन चैलेंज फंड की प्रगति की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन और परिणामों पर दिया जोर*

    आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में अतिरिक्त सचिव श्रीमती डी. थारा एवं मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए देशभर में संचालित प्रमुख शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। यह बैठक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप आयोजित की गई।

     

    बैठक के दौरान मंत्री श्री साहू ने अमृत मिशन के अंतर्गत वित्तीय प्रदर्शन एवं भौतिक प्रगति का विस्तृत आकलन किया तथा समयबद्ध क्रियान्वयन एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने अर्बन चैलेंज फंड के परिचालन दिशा-निर्देशों की भी समीक्षा करते हुए इसे नवाचार आधारित एवं सतत शहरी विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

     

    बैठक में पुराने शहर क्षेत्रों एवं बाजारों के पुनर्विकास, शहरी गतिशीलता एवं अंतिम मील कनेक्टिविटी, गैर-मोटर चालित परिवहन, जल एवं स्वच्छता अवसंरचना तथा जलवायु-संवेदनशील शहरी विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

     

    मंत्री श्री साहू ने स्पष्ट किया कि ऐसे परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो उच्च प्रभावकारी, विस्तार योग्य तथा दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक लाभ प्रदान करने वाली हों।

    मंत्री श्री साहू ने शहरी स्थानीय निकायों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगर निकायों की संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए वित्तीय स्वायत्तता, क्षमता निर्माण एवं आधुनिक प्रशासनिक प्रणालियों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

     

    संतुलित एवं समावेशी शहरीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री साहू ने छोटे शहरों एवं उभरते शहरी क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन शहरों को मजबूत अवसंरचना एवं बेहतर सेवाओं से सशक्त बनाना आवश्यक है, ताकि समग्र एवं समान विकास सुनिश्चित किया जा सके।

    उन्होंने सार्वजनिक स्थलों जैसे पार्क, खुले स्थान एवं सामुदायिक क्षेत्रों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं उन्नयन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई, ताकि ये अधिक सुलभ, आकर्षक एवं नागरिकों के अनुकूल बन सकें।

     

    बैठक के अंत में मंत्री श्री साहू ने अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, निगरानी तंत्र को सुदृढ़ करने एवं यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शहरी विकास से संबंधित योजनाएं आम नागरिकों के जीवन में ठोस, दृष्टिगत एवं स्थायी सुधार लाएं।

    Trending News

    Technology