1976 में स्थापित अकलतरा का इंदिरा उद्यान बदहाली के दौर में, मिनी जू को दोबारा शुरू करने की उठी मांग
कभी वन्यजीव संरक्षण और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र था इंदिरा उद्यान, अब वन विभाग की अनदेखी के चलते विकास की बाट जोह रहा पर्यटन स्थल।

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर में स्थित ऐतिहासिक इंदिरा उद्यान की स्थापना वर्ष 1976 में की गई थी। कभी यह उद्यान क्षेत्र के लोगों के लिए मनोरंजन, पिकनिक और वन्यजीवों को करीब से देखने का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। वर्ष 1995 तक यहां मिनी जू संचालित होने की जानकारी मिलती है, जिसमें भालू, बंदर, सांप, खरगोश और कोटरी सहित विभिन्न वन्यजीवों को संरक्षण के उद्देश्य से रखा गया था।

जानकारी के अनुसार, अविभाजित मध्यप्रदेश के समय बिलासपुर जिले में दो मिनी जू स्थापित किए गए थे। इनमें अकलतरा का इंदिरा उद्यान और कानन पेंडारी शामिल थे। वर्तमान में कानन पेंडारी विकसित पर्यटन एवं वन्यजीव केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है, जबकि अकलतरा का इंदिरा उद्यान अपेक्षित विकास और सुविधाओं के अभाव में उपेक्षा का शिकार बताया जा रहा है।
उद्यान के क्षेत्रफल को लेकर भी अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं। वर्तमान रेंजर विजेंद्र सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार 167 हेक्टेयर क्षेत्र का उल्लेख किया गया है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि उद्यान का कुल क्षेत्रफल लगभग (करीब 400 एकड़) है। हालांकि, कुल क्षेत्रफल को लेकर उपलब्ध है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस इंदिरा उद्यान ने कभी अकलतरा की पहचान बनाई थी, उसे आज विकास और संरक्षण की आवश्यकता है। यदि वन विभाग द्वारा उद्यान का व्यवस्थित विकास किया जाए, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और नियमानुसार मिनी जू या वन्यजीव जागरूकता केंद्र को पुनः शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए, तो यह स्थान एक बार फिर पर्यटन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
दोबारा विकसित होने से बढ़ेंगे रोजगार और व्यापार के अवसर
इंदिरा उद्यान का विकास होने से न केवल अकलतरा बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी पिकनिक और मनोरंजन का बेहतर स्थान मिल सकता है। इससे स्थानीय व्यापार, छोटे व्यवसाय, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
अब सवाल यह है कि वन विभाग अकलतरा के इस ऐतिहासिक उद्यान के संरक्षण और विकास के लिए कब ठोस पहल करेगा? क्या इंदिरा उद्यान को फिर से उसकी पुरानी पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे?

