सेवा संकल्प अभियान से ग्रामीण पशुपालकों को मिली गांव में ही पशु चिकित्सा सुविधा
*रेबीज से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक*
*उत्कृष्ट छात्राओं को किया पुरस्कृत*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य एवं पशुधन संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पशुधन विभाग द्वारा मोबाइल वेटरनरी यूनिट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुपालकों को गांव में ही उपचार, दवा एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
विकासखंड मुंगेली के ग्राम लिम्हा में आयोजित निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर में पशुओं का उपचार, दवा वितरण, कृमिनाशक दवा पान एवं बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव सहित अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में 16 पशुओं का उपचार, 22 पशुपालकों को दवा वितरण, 18 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान तथा 11 पशुओं में बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव किया गया। शिविर से 14 पशुपालक लाभान्वित हुए।
इसी प्रकार विकासखंड लोरमी के ग्राम बरियारपुर में भी मोबाइल वेटरनरी यूनिट द्वारा निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। यहां 07 पशुओं का उपचार, 28 को दवा वितरण, 25 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान तथा 38 पशुओं में बाह्य परजीवी नाशक छिड़काव किया गया। शिविर से 22 पशुपालक लाभान्वित हुए। पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण एवं बेहतर पशुपालन के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विद्यालय खेढ़ा में विद्यार्थियों के लिए रेबीज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को रेबीज बीमारी के लक्षण, बचाव, रोकथाम एवं उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों में जागरूकता एवं प्रोत्साहन बढ़ाने के उद्देश्य से तीन उत्कृष्ट छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला लिम्हा में भी रेबीज जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को कुत्ते या अन्य संक्रमित पशु के काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने, घाव को तुरंत साफ करने तथा समय पर उपचार कराने के संबंध में जानकारी दी गई।



