*कर्ज में डूबे हाइवा मालिक ने खदान में कराया वाहन समाहित*
*सिम्पैथी पाने के चक्कर में प्रशासन और प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान को बदनाम करने की जताई जा रही आशंका*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरौद स्थित एक खदान में हाइवा वाहन को जानबूझकर समाहित किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं तथा प्रशासनिक अमले से लेकर प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान को जिम्मेदार ठहराया जाने लगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आर्थिक तंगी, कर्ज के दबाव और सहानुभूति हासिल करने की कथित कोशिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संबंधित हाइवा वाहन का मालिक लंबे समय से भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन की कई महीनों की किस्त बकाया चल रही थी और वह लगभग चार से पांच माह से फाइनेंस कंपनी की किश्त जमा करने में असमर्थ था। लगातार बढ़ते कर्ज और आर्थिक दबाव के चलते वाहन मालिक मानसिक रूप से भी परेशान बताया जा रहा है।
*कर्ज के कारण खो चुका है अपनी एक कार वाहन*
स्थानीय चर्चाओं के अनुसार हाइवा मालिक के पास एक कार वाहन भी था, जिसे कथित तौर पर पुराने कर्ज और लेन-देन विवाद के चलते एक तथाकथित रेत कारोबारी द्वारा कब्जे में ले लिया गया । इस घटना के बाद से उसकी आर्थिक स्थिति और अधिक बिगड़ गई थी। परिवहन व्यवसाय में लगातार नुकसान और वित्तीय दबाव ने उसे गहरे संकट में डाल दिया।
*भाई से वाहन चलवाकर दिया घटना को अंजाम*
अत्यंत विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना को लेकर संबंधित हाइवा को वाहन मालिक ने अपने भाई से वाहन चलवाया। बताया जा रहा है कि खदान क्षेत्र पहुंचने के बाद उसने योजनाबद्ध तरीके से वाहन को खदान की ओर मोड़ दिया, जिससे वह सीधे खदान में समाहित हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना के बाद लग रहा था कि भारी प्रशासनिक लापरवाही तथा प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान के साख पर दाग दिखाई देने लगे थे। परंतु गहरी पड़ताल से वास्तविक मामला सामने आ रहा है।
*प्रशासनिक विभागों और उद्योग प्रबंधन में बढ़ी चिंता*
घटना के बाद प्रशासन के विभिन्न विभागों में हलचल देखी जा रही है। वहीं संबंधित खदान और औद्योगिक संस्थानों के प्रबंधन की भी चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में यह चर्चा है कि यदि मामले को सही तरीके से स्पष्ट नहीं किया गया तो इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों की छवि पर भी प्रश्नचिन्ह खड़े हो सकते हैं।
जानकारों का मानना है कि घटना के पीछे इंश्योरेंस क्लेम, सहानुभूति प्राप्त करने तथा वित्तीय दबाव से राहत पाने जैसी संभावनाए जताई जा रही है। हालांकि अब तक किसी भी विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
*जांच के बाद ही सामने आएगी वास्तविकता*
फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार घटना की वस्तुस्थिति जानने के लिए संबंधित पहलुओं की जांच की जा सकती है। यदि मामला योजनाबद्ध पाया जाता है तो इसमें बीमा, वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल संभव है।
घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में संचालित परिवहन व्यवसाय, वित्तीय दबाव और अवैध कारोबार से जुड़े कथित नेटवर्क पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
