*वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में 02 नवंबर को होगा राज्योत्सव का भव्य आयोजन*

*मुंगेली विधायक श्री मोहले और बिल्हा विधायक श्री कौशिक होंगे शामिल*

*प्रसिद्ध गायक नितिन दुबे एवं रेखा देवार की प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण का केंद्र*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, विकास और उपलब्धियों का उत्सव मनाने के लिए जिला मुख्यालय में 02 नवंबर को राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार बी.आर. साव विद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में एक दिवसीय राज्योत्सव गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ छत्तीसगढ़ी लोककला, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी।
राज्योत्सव के दौरान ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल एवं विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों तथा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। प्रदर्शनी के जरिए महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसरों और जिले में हो रहे विकास कार्यों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्योत्सव कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, नगर पालिका मुंगेली अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री राम कमल सिंह परिहार, उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता पद्मिनी मोहले, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र साहू, जनपद पंचायत पथरिया अध्यक्ष श्रीमती चितरेखा मनीष जांगड़े एवं उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका चंद्रशेखर कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक श्री नितिन दुबे की संगीतमय प्रस्तुति होगी। वहीं लोकगायिका श्रीमती रेखा देवार द्वारा पारंपरिक भरथरी एवं देवार गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही श्री लक्ष्मीकांत जड़ेजा एवं उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंथी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। लोकगीत, लोकनृत्य और संगीत की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

Trending News

Technology