विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को, अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को होगी जारी

दंतेवाड़ा, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में आज संयुक्त जिला कार्यालय, दंतेवाड़ा के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम, पंजीयन प्रक्रिया तथा सूची को त्रुटिरहित बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा पते में परिवर्तन एवं विवरण सुधार के लिए फार्म-8 की जानकारी दी गई। आवेदन वोटर सर्विस पोर्टल एवं ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने तथा बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।

