बालाघाट के लांजी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 500 किलो महुआ लाहन और 137 पाव शराब जब्त!

 बालाघाट के लांजी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 500 किलो महुआ लाहन और 137 पाव शराब जब्त!

कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर छापेमारी, 30 लीटर महुआ शराब भी बरामद; दो नामजद आरोपियों सहित कुल 4 प्रकरण दर्ज।

बालाघाट। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने लांजी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। 16 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भुरसाडोंगरी, लोहारा, वारी, वीरनपुर एवं सुनार काकोड़ी में आकस्मिक तलाशी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध महुआ शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर महुआ की कच्ची शराब जब्त की। वहीं ग्राम भुरसाडोंगरी में जितेन्द्र कल्चुरी एवं लौकेश कल्चुरी के रिहायशी मकानों की तलाशी के दौरान 137 पाव देशी एवं विदेशी मदिरा बरामद की गई।

दो नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज

आबकारी विभाग ने जितेन्द्र कल्चुरी और लौकेश कल्चुरी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क)/34(1)(च) के तहत एक-एक प्रकरण दर्ज किया है। इसके अलावा दो अज्ञात प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। इस प्रकार कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

जब्त महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 66 हजार 320 रुपये बताया गया है।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर विक्रय व्यवस्था की भी जांच की गई और विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

यह कार्रवाई कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त टीम में वृत्त प्रभारी कौस्तुभ नेताम सहित आबकारी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Trending News

Technology