
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली मेरा युवा भारत, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा दीपोत्सव – एक दीया संकल्प का’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दीपावली के पावन अवसर पर नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेना था।
कार्यक्रम का आयोजन दीनबंधु सहयोग संस्था, मुंगेली में किया गया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत की स्वयंसेवक द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की थीम पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। रंगोली के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। साथ ही, दीप प्रज्ज्वलित कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, मुंगेली के उपनिदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा जी के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) श्री नितेश कुमार मोहले द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में दीनबंधु सहयोग संस्था के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार साहू की सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के स्टाफ सदस्यों श्री ज्योति लाल, श्रीमती प्रीति यादव, श्री दिलीप बंजारे, श्री संजय जांगड़े एवं श्री चंद्रशेखर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने साथियों, परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इस पहल के माध्यम से दीपावली के प्रकाश के साथ नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।

