More

    *तोखन साहू ने दिल्ली में उठाई सर्व यादव समाज की मांगें, केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा से की चर्चा*

    *तोखन साहू ने दिल्ली में उठाई सर्व यादव समाज की मांगें, केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा से की चर्चा*

    नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सर्व यादव समाज, छत्तीसगढ़ की मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा से मुलाकात की। श्री साहू ने समाज की प्रमुख मांगों से उन्हें अवगत कराते हुए इनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का अनुरोध किया।

    सर्व यादव समाज, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने श्री तोखन साहू को दो अलग-अलग पत्र सौंपकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया था। श्री साहू ने समाज की मांगों को गंभीरता से लेते हुए दोनों पत्रों को संबंधित मंत्रालय को आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही के लिए प्रेषित किया है।

    समाज की पहली प्रमुख मांग केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग सूची के अनुक्रमांक-01 में दर्ज “ठेठवार” शब्द के हिंदी उच्चारण को ‘थेथवार’ के स्थान पर ‘ठेठवार’ किए जाने से संबंधित है। समाज के अनुसार, उच्चारण में इस विसंगति के कारण जाति प्रमाण-पत्र बनवाने में पात्र अभ्यर्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे केंद्रीय सेवाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का लाभ प्राप्त करने में भी परेशानी होती है।

    वहीं दूसरी प्रमुख मांग छत्तीसगढ़ की अन्य पिछड़ा वर्ग सूची में अहीर वर्ग के अंतर्गत मान्य ‘रावत’ उपजाति को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग सूची के अनुक्रमांक-01 में शामिल किए जाने की है। समाज का कहना है कि केंद्रीय सूची में इसका उल्लेख नहीं होने के कारण पात्र अभ्यर्थियों को केंद्रीय स्तर पर आरक्षण सहित अन्य वैधानिक लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    श्री तोखन साहू ने कहा कि समाज की मांगों को संबंधित मंत्रालय के समक्ष उचित प्रक्रिया के तहत रखा गया है। उन्होंने कहा कि मांगों के नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जा रही है।

    इस अवसर पर सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश यदु, जिला अध्यक्ष श्री गजानंद यादव, महासचिव श्री मनोज यादव, जिला महासचिव श्री अजय यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री मंजीत यादव, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गीता यादव सहित विजय यादव, धनमती यादव, खींरोदरी, पवन यादव, अनूप यादव, कन्हैया लाल यादव, चंदन यादव, विजय यादव एवं दरबारी यादव सहित समाज के अनेक प्रमुखजन उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology