अमित भण्डारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और पटवारी भर्ती में आरक्षण रोस्टर सुधार की मांग
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम जांजगीर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कलेक्ट्रेट चौक से निकाली पैदल रैली

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:-, 09 सितंबर 2026। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज जिला जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट चौक जांजगीर से जिला कलेक्ट्रेट परिसर के गेट तक पैदल रैली निकाली। रैली के बाद छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम जांजगीर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अमित भण्डारी हत्याकांड की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच सहित दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पामगढ़ ब्लॉक के ग्राम कोसा निवासी अमित भण्डारी की हत्या के मामले को लेकर समाज में आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
*पटवारी भर्ती में आरक्षण रोस्टर सुधार की मांग*
ज्ञापन में पटवारी भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर को लेकर भी प्रमुखता से मांग रखी गई। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि जिला स्तर पर पदों के निर्धारण के कारण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग सहित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
समाज ने मांग की कि संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था एवं रोस्टर का उचित पालन सुनिश्चित करते हुए पटवारी भर्ती प्रक्रिया को राज्य स्तर पर संचालित किया जाए, ताकि सभी आरक्षित वर्गों को उनका संवैधानिक अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रगतिशील सतनामी समाज के जिला अध्यक्ष भूषण खटकर, उपाध्यक्ष शशिप्रताप टांडे, अर्जुन सरकार, प्यारेलाल जांगड़े, जिला प्रभारी यादराम हिरवानी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य डमरू प्रसाद मनहर, संरक्षक विभीषण पात्रे, इतवारी लाल खुटें, जगन्नाथ प्रसाद बघेल, गुहाराम खुटें, मनी बघेल, डॉ. दिलीप बर्मन, सतनामी सूर्यवंशी समाज पामगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश रात्रे, नवागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष चीनी खुटें, अकलतरा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश निरचन्य, बलौदा ब्लॉक अध्यक्ष रमहैया खुटें, बम्हनीडीह ब्लॉक अध्यक्ष श्री खुटें, जिला मीडिया प्रभारी शनि सूर्यवंशी, पामगढ़ ब्लॉक मीडिया प्रभारी रजनीकांत रत्नाकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पामगढ़ दिनेश रमन, दीपक मनहर, संभाग अध्यक्ष भीम रेजीमेंट, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंदर लहरे, रमेश खरे, बलराम काठे, विजय कुमार मल्होत्रा, नवीन कुमार जांगड़े, पार्षद विजय खांडेल, सूरज भारती, नवीन जांगड़े, विजय मनहर, आशीष बंजारे, उमाकांत भारते सहित सतनामी समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज अपनी आवाज लगातार उठाता रहेगा।

