*हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत युवा संगोष्ठी का हुआ आयोजन*
*जल संरक्षण से साइबर सुरक्षा के संबंध में युवाओं ने रखे अपने विचार*
*कलेक्टर एवं एसएसपी ने युवाओं से किया संवाद, बोले – छोटे प्रयासों से आता है बड़ा बदलाव*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली// हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में युवा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जिले के युवाओं ने समाज, पर्यावरण और जिले के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने युवाओं से संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
*खुद को जानें, छोटे प्रयासों से शुरू करें बड़े बदलाव की यात्रा: कलेक्टर*
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि “स्वयं को जानना ही अच्छे बदलाव की पहली शुरुआत है।” उन्होंने जल संकट की चुनौती पर अपने विचार रखते हुए युवाओं और आमजन से पानी बचाने तथा वर्षा जल संरक्षण के लिए सक्रिय प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को समस्याओं के समाधान के लिए अपने स्तर पर पहल करनी होगी। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव की तस्वीर तैयार करते हैं। उन्होंने युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने, प्रातःकाल जागने और प्रतिदिन कुछ समय स्वयं के साथ संवाद करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तन के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उनके विचार, नवाचार और सक्रिय सहभागिता मुंगेली को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
*समय की कीमत समझें, नशे से दूर रहें और साइबर सुरक्षा के प्रति रहें सतर्क: एसएसपी*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ने सभी को समान रूप से समय दिया है, इसलिए जीवन में समय का सदुपयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को समय की कीमत समझने और उसे सही दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसके विरुद्ध पहला नियंत्रण परिवार से शुरू होता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। एसएसपी ने युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि समाज की अनेक समस्याओं का समाधान भी समाज की सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी में जल संरक्षण, स्वरोजगार, सिविक सेंस, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और मुंगेली के समग्र विकास जैसे विषयों पर युवाओं ने अपने विचार रखे। युवा राहुल ने भविष्य में जल संकट की चुनौती से निपटने के लिए वर्षा जल को रोकने और संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जल संरक्षण के प्रभावी उपायों के प्रति आमजन को जागरूक करने की बात कही। वहीं युवाओं ने स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता भी सामने रखी।
युवा शरद ने सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। पत्रकारिता से जुड़े युवा ने मुंगेली के विकास की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करने और जिले के भविष्य को लेकर गंभीर एवं सकारात्मक चिंतन की आवश्यकता बताई। वहीं एक अन्य युवा ने नशे से दूर रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता लाने का मुद्दा उठाया। युवा साहित्यकार परिहार ने अपनी कविता के माध्यम से साइबर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश देते हुए युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
