*स्कूलों एवं छात्रावासों में मिले बेहतर व्यवस्थाएं, नोडल अधिकारी करें नियमित निरीक्षण: कलेक्टर*
*सड़कों पर घूमंतु पशुओं के उचित व्यवस्थापन एवं सड़क सुरक्षा के लिए बनाएं कार्ययोजना*
*किसानों की मांग पर भस्करा में पॉम आयल प्लांटेंशन के दिए निर्देश*
*कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों को स्कूलों एवं छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में शत-प्रतिशत गणवेश वितरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक स्कूल में किचन गार्डन स्थापित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
कलेक्टर ने गोधाम की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को हटाकर उचित स्थान पर रखने के लिए कार्ययोजना बनाने तथा पशुओं में रेडियम बेल्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोरमी विकासखंड के ग्राम भस्करा में ऑयल पाम के लिए आवश्यक विद्युत व्यवस्था, मांग के अनुरूप पंप स्थापना तथा अन्य आवश्यकताओं की समीक्षा की और विद्युत, उद्यानिकी एवं संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर आवश्यकताओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग अंतर्गत डीसीएस कार्ययोजना एवं प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए सर्वेयरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित सर्वे एवं गिरदावरी पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खसरों का रैंडम चेक करने और डीसीएस कार्य की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने किचन गार्डन की कार्ययोजना के संबंध में संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक के एक दिवस का वेतन कटौती के निर्देश दिए। वहीं स्कूलों एवं छात्रावासों के निरीक्षण की पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर मुंगेली एसडीएम के एक दिवस के वेतन कटौती के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मीडिया एवं सोशल मीडिया में स्कूल के बच्चों से संबंधित आंदोलन के विषय में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं कार्ययोजना की जानकारी ली। अपेक्षित जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के वेतन में कटौती के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में एग्रीस्टेक अंतर्गत किसान पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर पात्र किसानों का पंजीयन पूरा कराने को कहा। पारस पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए इसके अंतर्गत निर्धारित टास्क को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बच्चों के आधार पंजीयन की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आभा आईडी की प्रगति की समीक्षा कर शेष आईडी पूर्ण करने के लिए विशेष अभियान एवं कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने आत्मनिर्भर दलहन योजना के लिए भी प्रभावी एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के विभागवार प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी हेल्पलाइन प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में धीमी प्रगति पाए जाने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं समाज कल्याण विभाग की कार्यप्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपसंचालक समाज कल्याण के निलंबन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 24 अगस्त के बाद किसी भी विभाग की फाइल भौतिक रूप से प्रस्तुत नहीं की जाए। सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ई-एचआरएमएस एवं आईगॉट की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन डिजिटल प्रणालियों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा सभी अनुविभागों को लक्षित प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
