
तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार जिला आयुष अधिकारी डॉ यशपाल सिंह ध्रुव के मार्गदर्शन में आयुष ग्राम सेमरसल में राष्ट्रीय पोषण कार्यक्रम अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य जाँच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आँगनबाड़ी केंद्र में संपन्न हुआ, जिसमें 0-6 वर्ष के बच्चों के स्वास्थ्य मानकों की जाँच की गई। इस दौरान प्रभारी डॉ. संदीप कुमार श्रीवास ने बच्चों की ऊँचाई, वजन, हीमोग्लोबिन की जाँच कर बॉडी मास इंडेक्स का मूल्यांकन किया। उन्होंने कुपोषण से बचाव के लिए संतुलित आहार एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली को अपनाने पर जोर दिया। महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए इंदु साहू आँगनबाड़ी कार्यकर्ता अमरौतिन निषाद सहायिका एवं कर्मचारी हाथीराम यादव ने महिलाओं की हीमोग्लोबिन एवं शारीरिक फिटनेस की जाँच में सहयोग किया। इस अवसर पर आयुर्वेद विशेषज्ञों ने महिलाओं को आयुर्वेदिक दिनचर्या, संतुलित आहार एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।
