सतनाम ट्रस्ट ब्लॉक लोरमी की बैठक संपन्न
– सम्पूर्ण आजादी का अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने की बनी कार्ययोजना ।
– शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के माध्यम से समाज को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का संकल्प ।

लोरमी। सतनाम ट्रस्ट प्रबंधन कमेटी भंडारपुरी धाम छत्तीसगढ़ की ब्लॉक इकाई लोरमी की महत्वपूर्ण बैठक सतनाम भवन लोरमी में ब्लॉक अध्यक्ष अशोक टोण्डे सतनामी के नेतृत्व में आयोजित हुई। सतनाम ट्रस्ट के संरक्षक धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब एवं संस्थापक धर्मगुरु गुरु सोमेश बाबा के सानिध्य और मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में सतनाम ट्रस्ट के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास, तथा सम्पूर्ण आजादी का अभियान मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित सतनाम ट्रस्ट के प्रदेश महासचिव राजा मिरी सतनामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सतनाम ट्रस्ट का मूल उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के माध्यम से समाज को आत्मनिर्भर, एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने संगठन के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी चरण में सेक्टर, अठगवां एवं ग्राम स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों को पांच-पांच गांवों के सक्रिय एवं समर्पित व्यक्तियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसे धर्मगुरु गुरु सोमेश बाबा को प्रस्तुत की जाएगी। इसके पश्चात बाबा जी का लोरमी परिक्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर समस्त नवनियुक्त पदाधिकारियों को बाबा जी के द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए सम्मानित किया जाएगा।
बैठक को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए सतनाम ट्रस्ट के संस्थापक धर्मगुरु गुरु सोमेश बाबा ने कहा कि सम्पूर्ण आजादी का अभियान शिक्षा ,स्वास्थ्य एवं रोजगार का व्यापक मिशन है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सतनाम ट्रस्ट का गठन किया गया है, जो छत्तीसगढ़ शासन में पंजीकृत संस्था है। उन्होंने कहा कि सतनाम ट्रस्ट के माध्यम से सतनामी समाज द्वारा स्वयं का स्कूल एवं अस्पताल संचालित करने की परिकल्पना की गई है, जहां सर्वसमाज को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पूज्य बाबा जी एवं गुरुओं का सपना था कि सतनामी समाज स्वाभिमानी, स्वावलंबी, स्वच्छ, सभ्य और सशक्त बने। इसी महान संकल्प को धरातल पर साकार करने के लिए सतनाम ट्रस्ट द्वारा बहुआयामी योजनाएं तैयार की गई हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अशोक टोण्डे सतनामी ने कहा कि सतनाम ट्रस्ट के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं समाजसेवी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता में निहित है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि समाज में शिक्षा, भाईचारा, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हुए ‘सम्पूर्ण आजादी का अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक को जिला संयोजक भूमचंद सतनामी, जिला संरक्षक खेमचंद सतनामी, जिला उपाध्यक्ष देवदत्त सतनामी एवं जिला सचिव राधे सतनामी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सतनाम ट्रस्ट की स्थापना, उद्देश्य, संगठनात्मक संरचना एवं भावी योजनाओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से इस जनकल्याणकारी अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
बैठक में महिला प्रकोष्ठ मुंगेली ब्लॉक अध्यक्ष रानी पात्रे, लेखचंद सतनामी, राजकुमार कुर्रे सतनामी, तुलाराम बघेल, शिवकुमार सतनामी, योगेश सतनामी, दीपचंद सतनामी, महेश सतनामी, जीतराय खांडेकर, धनेश्वर सतनामी, खेलावन सतनामी, धन्नू सतनामी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

