More

    *शिष्यवृत्ति एवं मूलभूत सुविधाओं में विस्तार की मांग को लेकर छात्रावास अधीक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन*

    तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ जिला इकाई मुंगेली द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम से कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के छात्रावासों के सुचारू संचालन एवं कार्यरत अधीक्षकों की जमीनी समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रमुखता से मांग की गई है।

    संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण छात्रों को दी जा रही शिष्यवृत्ति और भोजन सहाय की राशि नितांत अपर्याप्त हो चुकी है। इस अल्प राशि में बच्चों को पर्याप्त पोषण और दैनिक आवश्यकता की सामग्रियां उपलब्ध कराना पूर्णतः असंभव होता जा रहा है। अतः बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन से आग्रह किया गया है कि शिष्यवृत्ति नियमों की जटिलताओं को दूर कर इस राशि में सम्मानजनक वृद्धि की जाए। साथ ही सभी छात्रावासों में अनुरक्षक मद,आकस्मिकता निधि की राशि में उचित बढ़ोत्तरी की जाए, और कार्यालयीन खर्च, तीज-त्यौहार तथा महापुरुषों की जयंतियां मनाने हेतु उचित वार्षिक अनुदान सभी छात्रावास को प्रदान किया जाए।

    प्रशासनिक व्यवस्था एवं कर्मचारियों के हितों पर ध्यानाकर्षण करते हुए संघ ने मांग की है कि गैर-आदिवासी विकासखंडों में भी प्रशासनिक समन्वय के लिए पदोन्नति के माध्यम से ‘खंड संयोजक’ का नवीन पद सृजित किया जाए और प्रमोशन के लिए नियमावली के साथ सीधे क्षेत्र संयोजक,सहायक संचालक के पद पर पदोन्नति हेतु चैनल बनाए जाएं । इसके अतिरिक्त, छात्रावासों के श्रेणीकरण को समाप्त करने, रिक्त पदों पर शीघ्र नियमित भर्ती करने, तथा लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने हेतु ज्ञापन दिया गया।
    इस अवसर पर अधीक्षक संघ मुंगेली के जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र निर्मलकर, जिला उपाध्यक्ष गंगोत्री भगत, संरक्षक अश्वनी बंजारे, डी. एल. भास्कर, एच. डी. डहरिया ,सचिव विनय साधु, और कुंदन यादव, विवेक कुमार, तंद्रिमा दास, निकिता शर्मा, ओमप्रकाश राठौर, सुरेंद्र राजपूत, विकास व्यास, गरिमा दुबे सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology