*मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जिला चिकित्सालय की पहल, जागरूकता से लेकर निःशुल्क उपचार तक उपलब्ध सुविधाएं*

*स्पर्श क्लिनिक में मानसिक रोगों एवं नशामुक्ति का निःशुल्क उपचार*

*टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 से भी मिलेगी सहायता*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,//राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला चिकित्यसालय सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों, मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों-कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि जिस प्रकार शारीरिक बीमारियों के लिए चिकित्सकीय परामर्श और उपचार जरूरी है, उसी प्रकार मानसिक परेशानियों को भी गंभीरता से लेना चाहिए। मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर पहचानकर उपचार कराना आवश्यक है।
इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम “अनुभवों को सुना गया, वास्तविक आवाजें, वास्तविक बदलाव” रखी गई। इसके माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के अनुभवों को सुनने, उनकी भावनाओं को समझने और बिना किसी भेदभाव के उन्हें सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय ओबेरॉय के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। रंगोली, पोस्टर मेकिंग, वीडियो मेकिंग और पाम्पलेट वितरण के जरिए मानसिक रोगों के लक्षणों की पहचान, बचाव और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई।

*जिला चिकित्सालय के स्पर्श क्लिनिक में मानसिक रोगों और नशामुक्ति का निःशुल्क उपचार*

जिला चिकित्सालय में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल के स्पर्श क्लिनिक, कक्ष क्रमांक 10 में मानसिक रोगों और नशामुक्ति के लिए निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। जागरूकता सप्ताह के दौरान ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इस सुविधा की जानकारी देकर जरूरतमंद लोगों को उपचार के लिए आगे आने प्रेरित किया गया।

*टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 से घर बैठे प्राप्त करें निःशुल्क सहायता*

मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के समाधान के लिए नागरिकों को राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी भी दी गई। इस निःशुल्क सेवा के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।

*कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन के लिए विशेष पहल*

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के दौरान सिविल सर्जन डॉ. राकेश कुमार के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यस्थल पर होने वाले तनाव और मानसिक दबाव को कम करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें तनाव के कारणों की पहचान करने, मानसिक दबाव से निपटने और सकारात्मक कार्य वातावरण विकसित करने के प्रति जागरूक किया गया।

Trending News

Technology