*बुधवारी बाजार मुंगेली में श्रमिक पंजीयन शिविर का हुआ आयोजन*
*38 से अधिक श्रमिकों का किया गया नवीनीकरण एवं पंजीयन*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद मुंगेली अंतर्गत बुधवारी बाजार में श्रमिकों के पंजीयन हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, मजदूरों एवं कामगारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में दस्तावेजों का सत्यापन कर त्वरित रूप से श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। शिविर के दौरान 38 से अधिक श्रमिकों का नवीनीकरण एवं पंजीयन किया गया, जिससे उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि श्रमिक पंजीयन के माध्यम से वे सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सहायता योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में आए श्रमिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से उन्हें अपने ही क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध हो जाती हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
