More

    *नगर पालिका लोरमी को मिली विकास की बड़ी सौगात*

    *नगर पालिका लोरमी को मिली विकास की बड़ी सौगात*

    *उपमुख्यमंत्री अरुण साव के विशेष प्रयासों से 18 वार्डों के 86 कार्यों के लिए 7.42 करोड़ मंजूर*

    *सीसी रोड, नाली, पेवर ब्लॉक सहित आधारभूत सुविधाओं का होगा व्यापक विस्तार*

     मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, //  नगर पालिका लोरमी नगर के समग्र विकास को नई दिशा और गति प्रदान करते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री तथा लोरमी विधायक अरुण साव के विशेष प्रयासों से नगर पालिका परिषद लोरमी के 18 वार्डों में अधोसंरचना विकास के 86 कार्यों के लिए 07 करोड़ 42 लाख की ऐतिहासिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। 7.42 करोड़ की यह स्वीकृति केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोरमी के सुनियोजित शहरी विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और भविष्य की मजबूत आधारभूत संरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नगर के सभी 18 वार्डों में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी।

    नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा ने इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों की वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता देते हुए पहली बार इतनी बड़ी राशि विकास कार्यों के लिए स्वीकृत हुई है। इससे नगर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। स्वीकृत कार्यों में विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण, आरसीसी नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक बिछाने, चबूतरा निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण, जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक स्थलों का विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण अधोसंरचना कार्य शामिल हैं। ये मांगें उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नगर भ्रमण के दौरान नागरिकों द्वारा रखी गई थीं, जिन्हें वार्ड पार्षदों की सहमति और प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की गई।

    नगर पालिका उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल ने वार्ड क्रमांक 05 में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी समस्या के समाधान हेतु तीन नालियों की स्वीकृति मिलने पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के सभापति विश्वास दुबे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव नगर की प्रत्येक छोटी-बड़ी आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति दिला रहे हैं। यह उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और विकासोन्मुखी सोच का परिचायक है। सभी स्वीकृत कार्यों के निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होने से लोरमी नगर में आधारभूत सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा, नागरिकों का जीवन अधिक सुगम बनेगा और नगर विकास को नई गति मिलेगी।

    Trending News

    Technology