*जिले की 367 पंचायतों में 07 मई को रोजगार दिवस, चावल महोत्सव और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन*
*सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण पर विशेष फोकस*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत जिले में 07 मई को एक साथ बड़े स्तर पर रोजगार दिवस, चावल महोत्सव एवं आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिले की सभी 367 ग्राम पंचायतों में किया जाएगा, जिसमें आमजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत प्रत्येक माह की 07 तारीख को आयोजित होने वाला रोजगार दिवस इस बार विशेष रूप से व्यापक रूप में आयोजित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों को मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान रोजगार की मांग का पंजीयन कर जॉब कार्ड धारकों को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही स्वीकृत आवासों को अधिकतम 90 दिवस में पूर्ण करने हेतु कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी और हितग्राहियों को दी गई राशि की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को निर्माण सामग्री आपूर्ति एवं आजीविका गतिविधियों में शामिल कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देते हुए सोखता गड्ढा एवं रिचार्ज पिट निर्माण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मजदूरी भुगतान, कार्यस्थल सुविधाएं, जॉब कार्ड अपडेट एवं जियो-टैगिंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि यह आयोजन शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर आवेदन और शिकायत का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत सभी प्रगतिरत कार्यों को मई माह के भीतर पूर्ण करने और मांग आधारित नए कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नवा तरिया, आय के जरिया अभियान के तहत जल संरचनाओं के निर्माण को भी गति देने कहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने कहा कि मनरेगा एवं आवास योजनाओं के कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करना हमारी प्राथमिकता है। क्यू आर कोड के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार, युवाओं की सहभागिता और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। रोजगार दिवस के अवसर पर मांग आधारित रोजगार उपलब्ध कराते हुए आजीविका संवर्धन एवं जल संरक्षण को जन अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
