*जनदर्शन में आवेदन पर हुआ दिव्यांग कुणाल का आधार बायोमेट्रिक अपडेट*
*कलेक्टर के निर्देश पर की गई त्वरित कार्यवाही*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिला कलेक्टोरेट में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाला कलेक्टर जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर आम नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और नियमानुसार निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश देते हैं। इसी कड़ी में जिले के ग्राम मानपुर निवासी दिव्यांग हितग्राही श्री कुणाल महिलांग के परिजन ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए बताया कि आधार सेवा केंद्रों के कई बार चक्कर लगाने के बाद भी तकनीकी कारणों से बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हो सका।
कलेक्टर ने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए दिव्यांग कुणाल की समस्या का समाधान करने अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता और तत्परता के साथ वर्षों से लंबित आधार बायोमेट्रिक अपडेट की समस्या का समाधान कर कुणाल महिलांग का आधार बायोमेट्रिक सफलतापूर्वक अपडेट कराया गया। आधार अपडेट होने के बाद अब उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। कुणाल के परिजनों ने जिला प्रशासन की त्वरित, संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कलेक्टर एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
