More

    छत्तीसगढ़ के 4 संभागों में भारी बारिश की चेतावनी, इन 6 जिलों में सामान्य से ज्यादा वर्षा

    रायपुर| छत्तीसगढ़ के 4 संभागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के लिए ये चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बाद 6 जिलों में हालात ऐसे हैं, जहां औसत बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई है। सरगुजा के हालात भी पहले से सुधरे हैं और आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से स्थिति सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है। बीजापुर जिले में 54 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। इसी तरह सुकमा जिले में 39 प्रतिशत और राजधानी रायपुर में 36 प्रतिशत औसत से ज्यादा बारिश हुई है, बालोद जिले में 25 फीसदी ज्यादा औसत बारिश दर्ज की गई है।

    इन जिलों में हुई बारिश
    राज्य के मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल जमकर बरसे हैं। रायगढ़ में 222.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। सूरजपुर जिले में 157.6 मिमी, मुंगेली में 145 मिमी, बिलासपुर 117.6 मिमी और कोरबा जिले में 116.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।

    मौसम विभाग ने बारिश के आंकड़े जारी किए हैं।

    अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम
    मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक अवदाब झारखंड और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर अंबिकापुर से पूर्व में 95 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के सरगुजा संभाग के एक-दो जिले, बिलासपुर संभाग के जिले और इससे लगे दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

    इसके अलावा एक अवदाब उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में स्थित है जो 17 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम- उत्तर -पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश उससे लगे दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर पहुंचकर चिन्हित निम्न दाब के रूप में अगले 12 घंटे में बदलने की संभावना है।

    दो दिनों से लगातार बारिश होने के बाद गुरुवार को राजधानी की सड़कों पर इस तरह पानी भरा रहा, राहगीर परेशान होते रहे। इधर मानसूनी द्रोणिका अमृतसर, करनाल, मेरठ, हमीरपुर, अवदाब के केंद्र, बालासोर और उसके बाद पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक है। इन सबके असर से प्रदेश में कई जगह बारिश होने की संभावना है।

    Trending News

    Technology