*घर में शौचालय से बदली दिनचर्या, स्वच्छता ने दिया सम्मान और सुरक्षा*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // शासन की महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन योजना बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान को भी सुदृढ़ कर रही हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड मुंगेली अंतर्गत ग्राम पचोटिया, की निवासी श्रीमती राधिका मरावी के जीवन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। पहले उनके घर में शौचालय की सुविधा नहीं थी, जिसके कारण उन्हें और उनके परिवार को घर से दूर खेत में शौच के लिए जाना पड़ता था। शासन की स्वच्छ भारत मिशन के तहत राधिका मरावी को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिली। उन्होंने तत्परता से शौचालय का निर्माण पूर्ण कराया और अब पूरे परिवार के साथ उसका नियमित उपयोग कर रही हैं। इससे न केवल उनके परिवार की दिनचर्या आसान हुई है, बल्कि सुरक्षा और सम्मान की भावना भी बढ़ी है।
राधिका मरावी ने बताया कि शौचालय निर्माण पूर्ण होने के बाद उन्हें डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई, जिससे आर्थिक रूप से भी सहयोग मिला। अब उन्हें बाहर जाने की परेशानी से मुक्ति मिल गई है और परिवार की महिलाओं को विशेष रूप से सुविधा और सुरक्षा का एहसास हो रहा है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल उनके जीवन में स्वच्छता के साथ सम्मान भी लेकर आई है।
