*गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस*
*कलेक्टर ने सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को दी जिम्मेदारी*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // अगस्त स्वतंत्रता दिवस गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सफल आयोजन हेतु जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर ने कहा कि 15 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 09 बजे जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, परेड की सलामी और जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। कार्यक्रम में शहीदों के परिवारजन को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर शाल व श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा। समारोह स्थल पर छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल में मैदान की तैयारी, आकर्षक साज-सज्जा, समारोह स्थल पर ध्वज, फूल एवं गुब्बारे की व्यवस्था, बेरिकेटिंग, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, फायर ब्रिगेड, विद्युत व ध्वनि विस्तारक यंत्र, बैठक व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड, प्रशस्ति पत्र सहित अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारी समय पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
