रायपुर| प्रदेश में कल 2 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ निर्वाचन की तैयारी शुरू हो जाएगी. 12-13 अगस्त एवं 19-20 अगस्त को मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. 31 अगस्त तक नाम जोड़ने, काटने एवं संशोधन के लिए दावा-आपत्ति लिए जाएंगे. 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा. इस बात की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने प्रेस वार्ता दी.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने मीडिया से चर्चा में बताया कि विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के पूर्व प्रदेश में निर्वाचक नामावलियों के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की कार्यवाही चल रही है. पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अगस्त को राज्य में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा फॉर्म-5 में मतदाता सूची के प्रारम्भिक प्रकाशन करने के साथ-साथ 1 अक्टूबर 2023 की अर्हता तिथि के सम्बन्ध में दावा-आपत्ति प्राप्त किए जाने नोटिस जारी किया जाएगा.
इसी दिन राज्य में विशेष ग्राम सभा में मतदाता सूची का वाचन भी किया जाएगा. विधानसभा एवं जिला स्तर पर भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन में मतदाता सूची को शुद्ध बनाने जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. यह मतदाता सूची राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic.in में भी होस्ट की जाएगी. इसकी एक फोटोयुक्त हार्ड एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी जिला स्तर पर बैठक कर प्रदान की जाएगी. राज्य में अभी 1.96 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं. प्रदेश में कुल संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 11 और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या 90 है. राज्यसभा की पांच सीट है. राज्य में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 24109 है.
