*एडीएम एवं जिला सीईओ ने की समीक्षा बैठक, योजनाओं में समयबद्ध प्रगति के दिए निर्देश*
*जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा, समयबद्ध एवं लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिले में संचालित शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने ली। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं में लक्ष्य आधारित एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए, साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अग्निवीर भर्ती और ई-ऑफिस पर जोर
बैठक के दौरान अग्निवीर भर्ती के तहत ऑनलाइन पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक युवाओं को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाए तथा इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए एडीएम ने सभी विभागों को शत-प्रतिशत कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं गति लाई जा सके। उन्होने जनगणना कार्य की प्रगति पर चर्चा करते हुए बेहतर कार्ययोजना बनाकर व्यवस्थित रूप से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश*
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने प्रधानमंत्री जनमन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्षित उपलब्धि प्राप्त करने हेतु ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शेष लगभग 15 हजार आवासों के शीघ्र पूर्णता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को ग्राम पंचायतों का नियमित निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए पीएचई विभाग की समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जिले के 08 गांवों में पूर्ण जल प्रदाय सुनिश्चित किया जा चुका है।
जिला पंचायत सीईओ ने सभी जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि पंचायतवार पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करें, आवश्यकतानुसार नए बोर एवं सिंटेक्स टंकियों की स्थापना करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने इस कार्य में संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए पंजीयन एवं सोलर सिस्टम इंस्टॉलेशन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान एमबीयू एवं आधार पंजीयन की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद की उपलब्धता एवं भंडारण की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही ई-केवाईसी, किसान पंजीयन एवं अन्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए त्वरित प्रगति के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत लंबित एवं पूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
