अरपा नदी में गूंजा “गणपति बप्पा मोरया”, नम आंखों से दी बप्पा को विदाई

📰 अरपा नदी में गूंजा “गणपति बप्पा मोरया”, नम आंखों से दी बप्पा को विदाई

कोनी-सेंदरी के पास लगा लंबा जाम, दर्जनों गणेश प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

बिलासपुर ब्यूरो चीफ़ मोहनीश सिंह राजपूत 

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के अंतर्गत कोनी से सेंदरी के पास अरपा नदी में गणेश विसर्जन के दौरान भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। बप्पा को विदाई देने पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और भावुक माहौल में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

अरपा नदी के किनारे दर्जनों गणेश जी की प्रतिमाएं नजर आईं। श्रद्धालुओं ने विसर्जन से पहले भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और आरती कर बप्पा से सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद भक्तों ने भावुक होकर गणेश प्रतिमाओं को विदाई दी।

इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। बप्पा की विदाई के समय कई श्रद्धालु भावुक नजर आए।

वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण कोनी से सेंदरी मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार दिखाई दी, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

गणेश उत्सव के समापन पर भक्तों ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की।

Trending News

Technology