
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— जिला प्रशासन मुंगेली एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग से RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत सभाकक्ष मुंगेली में “उद्योग एवं बैंकर कनेक्ट कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के दर्जनों सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों (MSME), महिला उद्यमियों, स्टार्टअप हितग्राहियों तथा पीएमएफएमई एवं पीएमईजीपी योजनाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैंक अधिकारियों ने उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना एवं CGTMSE के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला, जिसमें उन्होंने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याएं साझा कीं। अधिकारियों द्वारा समस्याओं का समाधान एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया तथा मौके पर ही कई ऋण प्रस्तावों पर कार्यवाही प्रारंभ की गई। महाप्रबंधक किशोर सिंह राजपूत ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम MSME सेक्टर को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी बैंकों एवं उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
