रायपुर| छत्तीसगढ़ के गुमनाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भारतीय जनता पार्टी याद कर रही है। इस चुनावी साल में देश भक्ति के भाव को लेकर भाजपा गांव-गांव पहुंच रही है। केंद्र सरकार की योजना के तहत भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि छत्तीसगढ़ के 90 विधानसभा क्षेत्रों में स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए लोगों और सेनानियों के गांव में जाकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देशभर में केंद्र सरकार की ओर से मेरी माटी मेरा देश नाम का अभियान चलाया जा रहा है । इस दौरान ग्रामीण इलाकों में पौधारोपण किए जा रहे हैं और स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं । सेनानियों के गांव से मिट्टी दिल्ली भेजा जाएगा। कर्तव्य पथ के पास बनाए गए वार मेमोरियल के पास एक अमर वाटिका बनाई जाएगी, जिसे देश के सेनानियों-शहीदों की थीम पर तैयार किया जाएगा। इसमें देशभर से सेनानियों शहीदों के गांव की मिट्टी होगी। यह अभियान प्रदेश में भी चलाया जा रहा है। इस अभियान को लेकर भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पिछले 60 सालों में पूरे देश को यह बताया कि दो चार पांच लोग ही इस देश के शहीद हैं। आज भाजपा ने गांव गांव में जो शहीद हुए हैं, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी है उन गांव के लोगों में भी गौरव की भावना स्वाभिमान की भावना देश के प्रति समर्पण की भावना पैदा कर रही है।
