क्रेशर में करंट से झुलसा मजदूर, अस्पताल में भर्ती; सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

क्रेशर में करंट से झुलसा मजदूर, अस्पताल में भर्ती; सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

*लटिया स्थित S S इंटरप्राइजेज में हादसे की सूचना पुलिस को देना भी नहीं समझा जरूरी! क्रेशर संघ अध्यक्ष दीपक सिंघानिया की भूमिका पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग*

*भारतीय मजदूर संघ के जिलामंत्री ने लिखित शिकायत कर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग से की कार्रवाई की मांग*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर अकलतरा। ग्राम लटिया स्थित S S इंटरप्राइजेज क्रेशर में काम के दौरान एक मजदूर को करंट लगने से घायल होने का मामला सामने आया है। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना ने क्रेशर में मजदूरों की सुरक्षा, विद्युत उपकरणों के रखरखाव और प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद थाने में इसकी सूचना देने की जरूरत भी नहीं समझे जाने के आरोप सामने आए हैं। आखिर मजदूर के घायल होने के बाद प्रबंधन ने संबंधित पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों को सूचना क्यों नहीं दी? क्या क्रेशर में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? इन सवालों का जवाब अब जांच से ही सामने आएगा।
क्रेशर संघ अध्यक्ष होने के प्रभाव में जांच प्रभावित होने की आशंका?
क्रेशर संचालक दीपक सिंघानिया के क्रेशर संघ का अध्यक्ष होने के मद्देनजर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। सवाल यह भी है कि जब संचालक स्वयं क्रेशर संघ के अध्यक्ष हैं, तो क्या संबंधित विभाग बिना किसी दबाव के स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगे? औद्योगिक प्रतिष्ठान में मजदूर की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, न कि पद और प्रभाव।
पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार का मामला भी चर्चा में
घटना की वास्तविक परिस्थितियों और प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए एक स्थानीय पत्रकार ने क्रेशर संचालक एवं क्रेशर संघ अध्यक्ष दीपक सिंघानिया से फोन पर संपर्क किया था। आरोप है कि इस दौरान पत्रकार के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि, इस संबंध में संचालक का पक्ष सामने आना बाकी है।
मजदूर के घायल होने जैसी गंभीर घटना पर सवाल पूछना पत्रकार का दायित्व है। ऐसे में प्रबंधन की ओर से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारतीय मजदूर संघ ने उठाई कार्रवाई की मांग
मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री ने औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग से शिकायत कर पूरे घटनाक्रम की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। मांग की गई है कि क्रेशर में विद्युत वायरिंग, अर्थिंग, मशीनों की सुरक्षा, कार्यस्थल की परिस्थितियों और मजदूरों को उपलब्ध कराए जा रहे सुरक्षा उपकरणों की जांच की जाए।
अब विभागीय जांच और जवाबदेही का इंतजार
इस पूरे मामले में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग, श्रम विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। सवाल है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करेंगे या मामला केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा?
फिलहाल घायल मजदूर का उपचार जारी है। अब आवश्यकता है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, घायल मजदूर को उचित उपचार एवं नियमानुसार सहायता मिले और यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या प्रबंधन की लापरवाही प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। आखिर मजदूरों की जान की कीमत पर औद्योगिक गतिविधियां संचालित करने की छूट किसे दी जा सकती है?

Trending News

Technology