पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रावास अधीक्षकों की प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल संपन्न
0.कबीरधाम जिला इकाई ने सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।
ब्यूरो रायपुर/कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर 12 नवंबर को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक सांकेतिक हड़ताल की। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित इस आंदोलन में छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और मांगों के शीघ्र निराकरण की आवाज बुलंद की संघ का कहना है कि छात्रावास अधीक्षक विद्यार्थियों की सुरक्षा, रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं इसके बावजूद उनके कार्य की प्रकृति के अनुरूप कार्य अवधि, सेवा शर्तों एवं आवश्यक सुविधाओं का अब तक उचित निर्धारण नहीं किया गया है संघ की प्रमुख पांच मांगों में अधीक्षक संवर्ग की सेवा शर्तों एवं कार्य परिस्थितियों का निर्धारण, दैनिक कार्य घंटों का निर्धारण और शासकीय अवकाश का स्पष्ट प्रावधान शामिल है इसके साथ ही 24 घंटे छात्रावास परिसर में अनिवार्य उपस्थिति की व्यवस्था में व्यावहारिक बदलाव कर निर्धारित कार्य समय के बाद ऑन-कॉल ड्यूटी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है वहीं अधीक्षक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति एवं विभागीय परीक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने, शिक्षण संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को VSK ऐप से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता में राहत देने तथा ऑनलाइन उपस्थिति और ग्रीष्मावकाश के दौरान ड्यूटी संबंधी नियमों में स्पष्टता लाने की मांग भी उठाई गई इसके अलावा छात्रावासों के बेहतर संचालन के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने दैनिक उपयोग की सामग्री, चिकित्सा व्यय, रसोई सामग्री, राशन एवं राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन के लिए अतिरिक्त बजट और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।
विद्यार्थियों के हितों से जुड़ी हैं मांगें
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगें केवल अधीक्षकों की सेवा सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों की सुरक्षा, बेहतर देखभाल और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाओं से भी जुड़ी हुई हैं अधीक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण और पर्याप्त संसाधन मिलने से छात्रावासों का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी हो सकेगा।
कबीरधाम जिला इकाई ने सौंपा ज्ञापन
प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत कबीरधाम जिला इकाई के छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों ने भी सांकेतिक हड़ताल में सक्रिय सहभागिता निभाई इस दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के नाम अतिरिक्त कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा ज्ञापन के माध्यम से अधीक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं एवं छात्रावास संचालन से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी ने चेतावनी दी है कि सांकेतिक हड़ताल एवं लगातार किए जा रहे प्रयासों के बावजूद यदि शासन-प्रशासन द्वारा मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक पहल नहीं की जाती है तो संघ के निर्णयानुसार आगामी दिनों में चरणबद्ध एवं प्रभावी आंदोलन किया जाएगा संघ ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है ताकि अधीक्षक सम्मानजनक कार्य वातावरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें और प्रदेश की छात्रावास व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
————————–

