दीपावली के मद्देनजर होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं किराना दुकानों से 18 खाद्य नमूने संकलित

दीपावली के मद्देनजर होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं किराना दुकानों से 18 खाद्य नमूने संकलित

*गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों के पालन के दिए निर्देश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली // कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार दीपावली त्यौहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य दुकानों की सघन जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभिहित अधिकारी श्री देवेंद्र ठाकुर एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अजीत बघेल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 18 नमूने संकलित किए गए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों तथा मिठाई निर्माताओं को खाद्य पदार्थ तैयार करते समय हेड कवर और हैंड ग्लव्स का उपयोग करने, निर्माण परिसर को साफ-सुथरा रखने, एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने तथा मिठाइयों में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग न करने, पेयजल को स्वच्छ एवं साफ-सुथरे बर्तनों में रखने तथा नमकीन एवं नाश्ते की पैकिंग में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई, नमकीन, बेकरी उत्पाद, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर एवं अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। इनमें लड्डू, मिल्क केक, शाही बर्फी, पिस्ता रोल, सोनपापड़ी, क्रीम रोल, हक्का नूडल्स, साबूदाना, मैगी एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। संकलित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Trending News

Technology