रतनपुर पुलिस की ग्रामीणों से विशेष अपील, गांव और घरों की सुरक्षा के लिए रहें सतर्क, संदिग्ध व्यक्तियों की तत्काल दें सूचना
फेरीवालों, डेरा डालने वालों और घूम-घूमकर सामान बेचने वालों पर नजर रखने की अपील, रतनपुर पुलिस ने जारी किया संपर्क नंबर।

रतनपुर (बिलासपुर)। थाना रतनपुर पुलिस ने क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों से गांव, परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है। पुलिस द्वारा जारी अपील में ग्रामीणों को असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और अनजान लोगों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने कहा है कि गांव में डेरा डालने वाले, फेरी लगाकर सामान बेचने वाले, बर्तन बदलने वाले तथा सोना-चांदी की सफाई करने के नाम पर घूमने वाले अज्ञात व्यक्तियों से विशेष सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा न करें और बिना जानकारी के उनके साथ किसी प्रकार का लेन-देन या व्यापार न करें।
पुलिस ने ग्रामीणों को दिए ये जरूरी निर्देश
अपने घर को किसी भी परिस्थिति में सूना छोड़कर न जाएं।
किसी भी अनजान व्यक्ति के लालच या प्रलोभन में न आएं।
संदिग्ध व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का व्यापार न करें।
गांव में बाहरी लोगों और फेरीवालों के आने की सूचना पुलिस को दें।
गांव और आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल करें सूचना
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना रतनपुर पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना रतनपुर संपर्क नंबर: 9479193032
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी सहभागिता जरूरी है।
जागरूक ग्रामीण ही सुरक्षित गांव की पहचान हैं।
बिलासपुर ब्यूरो चीफ — मोहनीश सिंह राजपूत
सतर्क ग्रामवासी = सुरक्षित क्षेत्र = समृद्ध रतनपुर।



