Home अन्य खबरे राष्ट्रीय एकता दिवस पर अकलतरा में भव्य एकता दौड़, सरदार पटेल के...

राष्ट्रीय एकता दिवस पर अकलतरा में भव्य एकता दौड़, सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का दिया संदेश

0
4

राष्ट्रीय एकता दिवस पर अकलतरा में भव्य एकता दौड़, सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का दिया संदेश

एसडीओपी डॉ. मिखिलेंद्र प्रताप सिंह एवं थाना प्रभारी जय कुमार साहू की उपस्थिति में शास्त्री चौक से निकली दौड़, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया एकता-अखंडता का संकल्प

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अकलतरा पुलिस थाना द्वारा प्रातः 7 बजे नगर में भव्य एकता दौड़ का आयोजन किया गया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। दौड़ में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के शास्त्री चौक से हुआ। इस दौरान एसडीओपी डॉ. मिखिलेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी जय कुमार साहू एवं वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद धनराज सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। एकता दौड़ शास्त्री चौक से प्रारंभ होकर सब्जी मार्केट, भगवान परशुराम मार्ग, स्टेशन रोड, मस्जिद रोड एवं बजरंग चौक होते हुए पुनः शास्त्री चौक पहुंचकर संपन्न हुई। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस दौड़ ने नागरिकों को एकजुटता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायी संदेश दिया।

सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय : एसडीओपी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी डॉ. मिखिलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का भारतीय राष्ट्र के निर्माण में योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत को एक मजबूत एवं संगठित राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है।

विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद हम सभी भारतीय हैं। राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

वहीं पार्षद धनराज सिंह चौहान ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश को एक सूत्र में पिरोने में उनका योगदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनकी राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

नगरवासियों ने लिया एकता और अखंडता का संकल्प

आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखना केवल शासन-प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में अधिवक्ता उमाशंकर चौहान, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूलों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अकलतरा में आयोजित इस एकता दौड़ ने नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here