*मुंगेली के मशहूर चाय वाले भोला देवांगन का आकस्मिक निधन, नगर में शोक की लहर*

*पुराना बस स्टैंड की उनकी चाय दुकान थी राजनीतिक, सामाजिक और पत्रकारिता चर्चाओं का जाना-पहचाना ठिकाना*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— मुंगेली शहर के पुराना बस स्टैंड के पास वर्षों से अपनी चाय और आत्मीय व्यवहार के लिए मशहूर भोला देवांगन का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही परिजनों, परिचितों सहित शहर के सामाजिक, राजनीतिक, व्यावसायिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
लगभग 55 वर्षीय भोला देवांगन पूर्व में शिक्षक नगर में निवास करते थे तथा वर्तमान में सोनकर सिटी, मुंगेली में निवासरत थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भोला देवांगन अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं। उनके पुत्र तीरथ देवांगन उर्फ सोनू पीएचई विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।

*सिर्फ चाय की दुकान नहीं, शहर की चर्चाओं का केंद्र थी उनकी पहचान*

भोला देवांगन का नाम मुंगेली में विशेष रूप से पुराना बस स्टैंड के मशहूर चाय वाले के रूप में जाना जाता था। वर्षों से उनकी चाय दुकान शहर के लोगों के लिए केवल चाय पीने की जगह नहीं, बल्कि मेल-मिलाप और विचार-विमर्श का एक जाना-पहचाना केंद्र भी रही।
सुबह से लेकर शाम तक उनकी दुकान पर राजनीतिक, सामाजिक, व्यावसायिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहता था। चाय की चुस्कियों के बीच नगर और जिले के विभिन्न मुद्दों पर चर्चाएं होती थीं। चुनावी मौसम में राजनीतिक समीकरणों, प्रत्याशियों और चुनावी गतिविधियों को लेकर भी यहां खूब चर्चा हुआ करती थी।
अपनी सहजता, सरल स्वभाव और लोगों से आत्मीयता से मिलने के कारण भोला देवांगन ने वर्षों में बड़ी संख्या में लोगों से संबंध बनाए। यही कारण है कि उनके निधन का समाचार मिलते ही उन्हें जानने वाले लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
उनका यूं अचानक चले जाना परिवार के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी अपूरणीय क्षति है, जिनकी दिनचर्या में कभी न कभी पुराना बस स्टैंड स्थित उनकी दुकान की चाय और वहां होने वाली आत्मीय बातचीत शामिल रही है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

*ॐ शांति। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।*

यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन, मुंगेली ने दी। 💐💐💐💐🙇‍♂️🙇‍♂️🙇‍♂️🥹🥹🥹

Trending News

Technology