*जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारी तेज जिला स्तरीय प्रशिक्षण 22 एवं 23 अक्टूबर को*

*जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारी तेज जिला स्तरीय प्रशिक्षण 22 एवं 23 अक्टूबर को*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जनगणना-2027 के कार्यों को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रशिक्षण जनगणना कार्यालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों के माध्यम से दिया जाएगा, ताकि जनगणना के कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्रभावी ढंग से संपादित किया जा सके।

अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में किया जाएगा। प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला जनगणना सहायक तथा तकनीकी सहायक शामिल होंगे।

इसके साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, जनगणना सहायक और तकनीकी सहायकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रामीण स्तर पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी तथा नगरीय स्तर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और अन्य नामित कर्मचारी जनगणना संबंधी कार्यों की प्रक्रिया एवं जिम्मेदारियों से अवगत होंगे।

Trending News

Technology