*मुंगेली बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत सहायक ग्रेड-3 अमितेश केशरवानी के परिजनों को दी 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली— विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 श्री अमितेश केशरवानी के आकस्मिक निधन पर शिक्षा विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन से कार्यालयीन स्टाफ सहित परिजनों, सहकर्मियों एवं परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है। इस दुःख की घड़ी में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत अमितेश केशरवानी के निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने कार्यालय में कार्यरत स्टाफ एवं परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि प्रदान की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि असमय किसी अपने का चले जाना अत्यंत पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में पूरा शिक्षा विभाग परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने दिवंगत अमितेश केशरवानी के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कार्यालयीन दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी एवं लगन के साथ किया। उनके आकस्मिक निधन से विभाग ने एक कर्मठ एवं सहयोगी कर्मचारी को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस होगी।
बीईओ श्रीमती घृतलहरे ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं प्रक्रिया में हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत अमितेश केशरवानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। परिजनों ने इस कठिन समय में शिक्षा विभाग द्वारा संवेदना व्यक्त करने एवं आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल स्मृतियों को याद किया।
