More

    *सायबर जागरूकता अभियान में छात्राओं को किया जागरूक*

    *सायबर जागरूकता अभियान में छात्राओं को किया जागरूक*

    🔶 सायबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी महत्वपूर्ण जानकारी

    🔶 शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती, कोटा में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

     संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर:- जिले में बढ़ते सायबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना कोटा पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, पुरानी बस्ती, कोटा में सायबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    माननीय जिला दंडाधिकारी श्री संजय अग्रवाल (भा.प्र.से.), उ.म.नि. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा श्री शशिकांत भारद्वाज एवं पुलिस टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ को सायबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

    🔷 एसएसपी महोदय ने छात्राओं को किया जागरूक

    कार्यक्रम में उ.म.नि. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने छात्राओं को सायबर अपराधों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करनी चाहिए।

    उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की।

    🔷 कलेक्टर महोदय ने कहा—सजगता ही सायबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय

    जिला दंडाधिकारी श्री संजय अग्रवाल (भा.प्र.से.) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक ने हमारे जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ सायबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल संसाधनों का उपयोग सजगता, जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ करने का आह्वान किया।

    उन्होंने छात्राओं को स्वयं सायबर अपराधों से सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

    🔷 ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क

    कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना को भी घटना की जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी की राशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।

    🔷 विद्यालय परिवार की रही सक्रिय सहभागिता

    कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती, कोटा की प्राचार्या श्रीमती आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अर्पणा लाल, विद्यालय के समस्त व्याख्याता, शिक्षकगण एवं शिक्षिकागण तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही।

    विद्यालय परिवार ने सायबर जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ ने सायबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी सायबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

    थाना कोटा पुलिस द्वारा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सायबर जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा सायबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं सायबर हेल्पलाइन 1930 से संपर्क करें।

    Trending News

    Technology