More

    *स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 119 अमृत सरोवरों में किया गया ध्वजारोहण*

    *स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 119 अमृत सरोवरों में किया गया ध्वजारोहण* 

    *जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का दिया संदेश* 

     मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जिले में फेस-1 एवं फेस-2 के तहत निर्मित 119 अमृत सरोवरों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जीवंत सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

    अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, युवा क्लबों, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न स्थलों पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों, पद्म पुरस्कार विजेताओं अथवा ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों ने ध्वजारोहण किया गया।

    स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर परिसरों में तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जल संरक्षण जागरूकता एवं शपथ ग्रहण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों एवं युवाओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संग्रहण के स्रोत नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों से ग्रामीण समुदाय में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने नागरिकों से अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

    मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुंगेली श्री गोकुल रावते ने कहा कि जिले के 119 अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों को जनभागीदारी से स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोगी बनाए रखने के साथ-साथ इनके माध्यम से जल संरक्षण और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय को अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं रख-रखाव से जोड़ते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संदेश दिया गया।

    Trending News

    Technology