More

    *26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में मुंगेली जिले का शानदार प्रदर्शन*

    *26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में मुंगेली जिले का शानदार प्रदर्शन*

    5 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक, अब राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

    मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली-— 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत बॉक्सिंग बालक एवं बालिका वर्ग (14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग) में मुंगेली जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में जिले से कुल 21 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 5 खिलाड़ियों ने स्वर्ण, 3 खिलाड़ियों ने रजत तथा 3 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिचय देते हुए विभिन्न भार वर्गों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। लगातार मुकाबलों में जीत हासिल कर जिले के खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि मुंगेली में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

    प्रतियोगिता में खुशबू खाण्डे एवं साक्षी जोशी (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़खाम्ही), दीप्ति राजपूत एवं निखिल राजपूत (महाराणा प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाफल) तथा दुष्यंत साहू (महंत जगन्नाथ दास इंग्लिश स्कूल, लोरमी) ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। इन पांचों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है, जहां वे छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है।

    रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में सोनल टण्डन एवं अनिषा ध्रुव (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़खाम्ही) तथा अखिल सिंह (महाराणा प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाफल) शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने भी कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए पदक सुनिश्चित किया। इसी प्रकार ऋतिक सोनी (महंत जगन्नाथ दास इंग्लिश स्कूल, लोरमी), ईशा अनंत (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़खाम्ही) एवं आशीष सिंह (न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल, लोरमी) ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

    प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, अभिभावकों तथा खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। खेल प्रशिक्षकों ने बताया कि खिलाड़ियों ने कई महीनों तक नियमित अभ्यास, अनुशासित दिनचर्या और कठिन मेहनत के बल पर यह सफलता अर्जित की है। जिले के खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विशेष रूप से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित पांच खिलाड़ियों से प्रदेश को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। मुंगेली जिले के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। सभी की निगाहें अब राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता पर रहेंगी, जहां जिले के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदेश का परचम लहराने के लिए पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।

    Trending News

    Technology