*कारगिल विजय दिवस पर सेतगंगा में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान संपन्न*

सेतगंगा:-, मुंगेलीकारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर धर्मनगरी सेतगंगा में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा एवं एनएसएस नोडल अधिकारी श्री नरोत्तम पुरले के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत राम-जानकी मंदिर, सिद्धेश्वरी महामाया मंदिर एवं गुरु घासीदास मंदिर परिसर में आम, अमरूद, जामुन, बरगद तथा कदम जैसे फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में पूर्व में लगाए गए पौधों की साफ-सफाई, खाद डालने तथा संरक्षण का कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामबाबू मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सेतगंगा क्षेत्र हरित एवं स्वच्छ बने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर श्री नरेंद्र जायसवाल ने कहा कि युवाओं में समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए पठन-पाठन के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। वृक्षारोपण युवाओं में समाज एवं राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करने का एक प्रभावी माध्यम है।
श्री रमाकांत सोनी ने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण की अमूल्य धरोहर है। वहीं श्री नारायण शर्मा ने वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला तथा पौधों को उनके पूर्ण विकसित होने तक सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों के सेवा-भाव एवं समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम में रामबाबू मिश्र, नारायण शर्मा, नरेंद्र जायसवाल, रमाकांत सोनी, अखिल टोडर सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वयंसेवकों में कोमल साहू, नरोत्तम, पूनम, सूर्यप्रकाश, सूरज, अनिल संदीप,जिगर,सहित अनेक छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
