*ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वाेच्च प्राथमिकता: जिला पंचायत सीईओ*
*लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, सभी स्वीकृत विकास कार्य तत्काल शुरू करने के दिए निर्देश*
*सीईओ जिला पंचायत ने ली विभागीय की समीक्षा बैठक*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // सीईओ जिला पंचायत श्री गोकुल रावटे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीईओ श्री रावटे ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं को तय समय-सीमा में पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में श्री रावटे ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में अनियमितता अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण, आधारभूत अधोसंरचना और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। बैठक में कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीओ आरईएस, सहायक परियोजना अधिकारी, परियोजना अधिकारी वीबीजी राम जी मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीपीएम, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अधिकारी, एआईटीओ, तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
